कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। World most powerful passports 2024: हेनली एण्ड पार्टनर्स लंदन की एक संस्था है। यह संस्था हर साल दुनिया के सबसे पावरफुल पासपोर्ट की लिस्ट जारी करती है। इस संस्था ने 2024 की लिस्ट भी हाल ही में जारी की है। हेनली पासपोर्ट इंडैक्स की जुलाई 2024 की वैश्विक रिपोर्ट में सिंगापुर को पहले स्थान पर रखा गया है। सिंगापुर का पासपोर्ट रखने वाले नागरिक 195 देशों में बिना वीज़ा के प्रवेश कर सकते हैं। यही कारण है कि सिंगापुर का पासपोर्ट सबसे पावरफुल पासपोर्ट है। वहीं हेनली पासपोर्ट इंडेक्स 2024 की रैंकिंग के मुताबिक पाकिस्तान की हालत बेहद खराब है। ग्लोबल रैंकिंग लिस्ट में पाकिस्तान का पासपोर्ट 100 वें नंबर पर है। पिछले चार साल से पाकिस्तान पासपोर्ट की यही स्थिति है। पाकिस्तानी पासपोर्ट पर बिना वीजा अब 33 देशों में घूम सकते हैं, जबकि पहले 32 देशों में ही घूम सकते थे।

किन किन देशों को मिली जगह

सिंगापुर के पासपोर्ट को लिस्ट में पहले नंबर पर रखा गया है। इसके साथ ही इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर पांच देशों को जगह मिली है । इन पांच देशों में फ्रांस,जर्मनी,इटली ,जापान और स्पेन को शामिल किया गया है। इन देशों के निवासियों को 192 देशों में बिना वीज़ा के जाने की इजाजत है। चीन को इस लिस्ट में 59 वें स्थान पर रखा गया है। चीन के नागरिक 85 देशों में बिना वीज़ा के आ जा सकते हैं। मालदीव को 58 वें नंबर पर जगह मिली है। मालदीव के लोगों को 96 देशों में आने जाने के लिए वीज़ा की जरूरत नहीं पड़ती है । मालदीव के लोग सिर्फ पासपोर्ट के जरिए ही इन देशों में आ जा सकते हैं।पासपोर्ट की इस लिस्ट में अफगानिस्तान को सबसे नीचे रखा गया है। यहां के लोग सिर्फ 26 देशों में ही बिना वीज़ा के प्रवेश कर सकते हैं।

कितने नंबर पर आता है भारत

हेनली एण्ड पार्टनर्स की इस रिपोर्ट में भारत को 82 वें स्थान पर रखा गया है। भारत के नागरिक बिना वीज़ा के सिर्फ पासपोर्ट के आधार पर 58 देशों में आ जा सकते हैं। इस लिस्ट में भारत के साथ- साथ तजाकिस्तान को भी 82 वें नंबर पर ही जगह मिली है।

दुनिया के 10 सबसे पावरफुल पासपोर्ट

हेनली पासपोर्ट इंडैक्स में दुनिया के 199 देशों को शामिल किया गया है। इस लिस्ट के अनुसार ये हैं दुनिया के 10 सबसे पावरफुल पासपोर्ट-

1-सिंगापुर-यहां के लोगों को 195 देशों में आने जाने के लिए वीज़ा की जरूरत नहीं है।

2-फ्रांस,जर्मनी,इटली,जापान,और स्पेन-इन देशों के लोगों को 192 देशों मे बिना वीज़ा के प्रवेश मिलता है।

3-आस्ट्रिया,फिनलैण्ड,आयरलैण्ड,नीदरलैण्ड,साउथ कोरिया और स्वीडन-यहां के लोगों को 191 देशों में जाने के लिए वीज़ा की जरूरत नहीं है।

4-बेल्जियम,डेनमार्क,न्यूजीलैण्ड,नार्वे,स्विटज़रलैण्ड,यूनाइटेड किंगडम-इन देशों के लोग 190 देशों में बिना वीज़ा के आ जा सकते हैं।

5-आस्ट्रेलिया और पुर्तगाल-यहां के नागरिक 189 देशों में बिना वीज़ा के कर सकते हैं प्रवेश।

6-ग्रीस और पोलैण्ड-इन देशों के नागरिक 188 देशों में बिना वीज़ा के आ जा सकते हैं।

7-कनाडा, हंगरी और माल्टा –यहां के लोगों को 187 देशों में प्रवेश के लिए नहीं जरूरी वीज़ा।

8-यूनाइटेड स्टेट्स –यू एस को इस लिस्ट में 8 वें नंबर पर रखा गया है। यहां के लोगों को 182 देशों में बिना वीज़ा के प्रवेश की इजाज़त है।

9-लिथुआनिया,एस्टोनिया और संयुक्त अरब अमीरात-इन देशों के लोग185 देशों में बिना वीज़ा के जा सकते हैं।

10-आइसलैण्ड,लाटविया,और स्लोवाकिया-यहां के लोगों को 184 देशों में आने जाने के लिए वीज़ा की जरूरत नहीं है।

National News inextlive from India News Desk