देहरादून,(ब्यूरो): राजधानी में वाहन चोरी की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। इसी क्रम में पुलिस ने वाहन चोरी की 2 अलग-अलग घटनाओं का पर्दाफाश किया है। दो शातिरों को गिरफ्तार करते हुए उनसे चोरी की दो स्कूटी भी बरामद की हैं। बताया गया है कि ये शातिर आरोपी पहले से नशे के आदी हैं और नशे की पूर्ति के लिए ही इस तरह की घटनाओं को लंबे समय से अंजाम दे रहे थे।

एक ही इलाके से दो कंप्लेन
पुलिस के मुताबिक थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र के अंतर्गत गत 22 जुलाई को वादिनी अदिति डोभाल निवासी नंदादेवी एन्क्लेव बद्रीपुर ने थाना नेहरू कॉलोनी ने पुलिस में शिकायत दर्ज की थी, जिसमें कहा था कि उनके घर के बाहर से किसी अज्ञात ने उनकी स्कूटी चोरी कर ली है। इसी प्रकार से उसके अगले दिन ही 23 जुलाई को वादिनी निधि गुसाईं निवासी बद्रीपुर ने भी नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से ही घर के बाहर से स्कूटी चोरी होने की शिकायत पुलिस में की थी। एक क्षेत्र से ही दो शिकायतें पुलिस के पास पहुंचने के बाद पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की।

मुखबिर और सीसीटीवी से इनपुट
एक ही इलाके में दो चोरी की वारदात को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस ने कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इस दौरान उसमें कुछ संदिग्ध नजर आए। उसके बाद पुलिस ने उनकी जानकारी जुटाई और मुखबिर तंत्र को एक्टिव किया। आखिरकार मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वालों को दबोच लिया। इनमें दो आरोपी विकास पुत्र राजेश निवासी पंचपुरी मोहोला थाना डालनवाला, उम्र 25 वर्ष व दीपक पुत्र सुरेश निवासी एकता विहार थाना रायपुर उम्र 24 वर्ष को चोरी की स्कूटी के साथ दीपनगर रेलवे पुल के नीचे से दबोच लिया।

दोनों नशे के आदी
दोनों आरोपियों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वे दोनों नशे के आदि हैं। ऐसे में अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए उन्होंने स्कूटी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरी के बाद अब ये दोनों स्कूटी के बेचने के फिराक में थे। इधर-उधर लोगों से संपर्क कर रहे थे, लेकिन पुलिस के चुंगल में फंस गए।

वाहन चोरी में दून का दूसरा नंबर
वाहन चोरी को मामले में दून भी पीछे नहीं है। आईजी गढ़वाल मंडल के आंकड़ों पर गौर करें तो गढ़वाल मंडल के 7 जिलों में दून जिला वाहन चोरी के मामले में हरिद्वार के बाद दूसरे नंबर पर है। जहां इस वर्ष 2024 मई तक वाहन चोरी के 165 केस दर्ज हुए हैं। जबकि, वर्ष 2023 में 76, वर्ष 2022 में 112 केस दर्ज हुए। वहीं, हरिद्वार में वर्ष 2022 में 150, 2023 में 198 और 2024 में 302 वाहन चोरी के केस दर्ज हुए। बाकी 5 अन्य जिलों में वाहन चोरी की घटनाएं 1 से लेकर मैक्सिमम 6 दर्ज हुई हैं।

7 जिले, ढाई साल में 12461 केस
गढ़वाल मंडल में दून समेत 7 जिले शामिल हैं। इस प्रकार से वर्ष 2022 से लेकर मई 2024 में कुल क्राइम के 12461 केस दर्ज किए गए हैं। इस प्रकार से देखा जाए तो इन सभी जिलों में वाहन चोरी व अन्य चोरी के साथ बलवा के मामले सबसे ज्यादा रिकॉर्ड किए गए हैं। बलात्कार व महिला अपहरण के भी मामले कम दर्ज नहीं हो रहे हैं।

टैबलेट लूटने वाले को दबोचा
दून पुलिस ने हाथ से टैबलेट छीनकर भागने वाले आरोपी को भी 24 घंटे के भीतर दबोचा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र के अंतर्गत बीती 27 जुलाई को वादी सचिन कुमार की ओर से कंट्रोल रूम में सूचना दी गई थी कि सिटी कैमिस्ट शॉप के करीब से पीछे से आये एक अज्ञात शख्स ने उनके हाथ से टैबलेट छीन लिया और वहां से रफूचक्कर हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने इसकी पड़ताल शुरू की। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गई। घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद ली। आखिरकार पुलिस ने आरोपी विकास कुमार को बद्रीश कॉलोनी के जंगल से घटना में लूटे गये टैबलेट के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वो पेंटर का काम करता है और नशे का आदी है। नशे की पूर्ति के लिए उसने इस घटना को अंजाम दिया।

dehradun@inext.co.in