देहरादून, (ब्यूरो): सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गढ़ी कैंट में वीर गोर्खा कल्याण समिति दूधली द्वारा आयोजित गोर्खा दशैं- दीपावली सांस्कृतिक महोत्सव-2024 में प्रतिभाग किया। कहा, गोरखा समाज का इतिहास गौरवशाली संस्कृति, समृद्ध परंपराओं और अदम्य वीरता का प्रतीक है। उन्होंने कहा दशैं पर्व, मां दुर्गा की उपासना और उनके नौ दिव्य रूपों की आराधना को समर्पित है। ये पर्व हमें सच्चाई और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

परंपराओं का संरक्षण करेंगे
सीएम ने कहा कि दशैं पर्व हमारी सांस्कृतिक धरोहर को संजोए रखने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। जिसके माध्यम से हम अपनी परंपराओं, रीति-रिवाजों और सामाजिक मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाते हैं। कहा, राज्य सरकार गोरखा समाज की सांस्कृतिक धरोहरों को भी बढ़ावा देने लिए विशेष प्रयास कर रही है। संस्कृति विभाग में गोर्खा दशैं-दीपावली सांस्कृतिक महोत्सव को भी शामिल कर हर संभव अनुदान की व्यवस्था की जाएगी। सीएम ने कहा कि गोरखा समाज की सांस्कृतिक परंपराओं और धरोहरों के संरक्षण व संवर्धन के लिए सरकार कार्य करते रहेगी। सीएम ने ये भी कहा कि गोरखा समाज का मातृभूमि की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान है। गोरखा समाज ने सदियों से देश की सीमाओं की रक्षा की है। अमर वीर मेजर दुर्गा मल्ल जी, परमवीर चक्र से सम्मानित धन सिंह थापा और प्रथम अशोक चक्रम विजेता नर बहादुर थापा के अद्वितीय शौर्य को कभी नहीं भुलाया जा सकता है। कहा, 1962 कारगिल युद्ध जैसे अनेकों युद्ध में भी गोरखा रेजिमेंट के हमारे जवानों ने हर मोर्चे पर अपनी बहादुरी का परिचय दिया। इस मौके पर नेपाल के राजदूत डॉ। सुरेंद्र थापा, विधायक विनोद चमोली, ले। जन.राम सिंह प्रधान, चंद्रवीर गायत्री, कमल थापा, विशाल थापा व सूर्य विक्रम शाही आदि मौजूद रहे।

dehradun@inext.co.in