देहरादून, (ब्यूरो): पलटन बाजार में पुलिस प्रशासन की ओर से शुरू किया गया पिंक बूथ लोगों का मददगार साबित हो रहा है। खासतौर से महिलाएं खुद को सेफ महसूस कर रही हैैं और अगर किसी भी तरह की परेशानी होती है तो मदद के लिए पिंक बूथ पहुंच रही हैैं। यही कारण है कि 14 दिन पहले पलटन बाजार के डिस्पेंसरी रोड पर शुरू किए गए पिंक बूथ में लोग खुलकर अपनी व बाजार से जुड़ी समस्या लेकर पहुंच रहे हैं। महिला सुरक्षा केन्द्र के नाम से बने इस पिंक बूथ पर सभी लोग शिकायत दर्ज करवा रहे हैैं। यहां तैनात दो महिला कर्मी हर समय लोगों की मदद के लिए मौजूद रहती हैैं।

क्या है पिंक बूथ

पलटन बाजार में बीते माह एक युवती के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया था। इसके बाद विवाद ने सांप्रदायिक रंग ले लिया। ऐसे विवादों से बचने के लिए पुलिस और प्रशासन ने बाजार में वेरिफिकेशन कैंपेन चलाया और संदिग्धों से पूछताछ की। तय किया गया कि बाजार में वुमेंस सेफ्टी को लेकर पुलिस का पिंक बूथ तैयार किया जाएगा, ताकि जरूरत पडऩे पर तत्काल महिलाओं को पुलिस हेल्प मिल सके। अक्सर महिलाएं थाना-चौकी जाने से बचती हैैं, ऐसे में ये पिंक बूथ कारगर माना गया और साबित भी हो रहा है।

सैकड़ों को मिली हेल्प, 8 केस दर्ज

पलटन बाजार आने वाले विजिटर्स के लिए पिंक बूथ एक तरह से हेल्प डेस्क की भूमिका निभा रहा है। बाजार से जुड़ी किसी भी तरह की दिक्कत हो तो लोग यहां पहुंच रहे हैैं और उन्हें समाधान मिल रहा है। सुबह से शाम तक दर्जनों लोग अपनी दिक्कतें लेकर पिंक बूथ पहुंच रहे हैैं। पिंक बूथ पर सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक दो महिला कॉन्स्टेबल तैनात रहती हैं। 3 अक्टूबर को बने इस पिंक बूथ को 14 दिन हुए हैैं, जबकि सैकड़ों लोगों की सामान्य मदद की जा चुकी है वहीं 8 शिकायतों को समाधान के लिए थानों को में रजिस्टर्ड करवाया गया है।

महिलाएं खुलकर कर रहीं कंप्लेन

-कारगी चौक निवासी लता का एक दुकानदार से सूट एक्सचेंज को लेकर विवाद हो गया। महिला पिंक बूथ में शिकायत लेकर पहुंची तो पुलिस टीम ने सबंधित दुकानदार के पास पहुंचकर मामला सुलझाया।

-सोनिया ने पर्स चोरी होने की कंप्लेन पिंक बूथ पर की। सोनिया की कंप्लेन नोट की गई और संबंधित थाने को मामला रेफर कर दिया गया।

- तृप्ति ने ऑनलाइन खरीदारी में धोखाधड़ी की शिकायत पिंक बूथ पर दर्ज कराई, जिसके बाद मामले को साइबर थाने को ट्रांसफर कर दिया गया।

-जाखन निवासी महिला ने बताया कि उसका पति अक्सर उसके साथ मारपीट करता है। इस संबंध में महिला को महिला हेल्पलाइन में शिकायत लेकर भेजा गया।

-एक युवती ने फेसबुक पर ब्लैकमेल करने संबंधी शिकायत की। जिसके बाद मामले के निस्तारण के लिए धारा चौकी भेजा गया।

- इसके अलावा रास्ता भटक जाने, घर के लिए गाड़ी न मिलने, सुलभ शौचालय, पार्किंग समेत तमाम सामान्य परेशानी के भी मामले सामने आ रहे हैैं।

पारिवारिक मामले भी

पिंक बूथ तक केवल बाजार से जुड़ी समस्याएं ही नहीं, बल्कि महिलाएं अपनी पारिवारिक समस्याएं भी लेकर पहुंच रही हैैं। 14 अक्टूबर को एक महिला पिंक बूथ पर पति द्वारा मारपीट और उत्पीडऩ की शिकायत लेकर पहुंची। ऐसे में महिला को तत्काल महिला हेल्पलाइन भिजवाया गया और कंप्लेन रजिस्टर करवाई गई।

यह एक अच्छा प्रयास है। इस पिंक बूथ के बन जाने से महिलाओं को इससे फायदा हो रहा है। बाजार में किसी भी तरह का विवाद होता है तो तत्काल पुलिस हेल्प मिल जाती है, इससे काफी राहत मिली है।

शिवानी, माजरा

दुकानदार और कस्टमर के बीच कई बार विवाद हो जाता है। कस्टमर या दुकानदार को समझ नहीं आता कि वे अपनी शिकायत लेकर कहां पर जाएं। पिंक बूथ खुलने से ये दिक्कत दूर हो गई है।

सुरेन्द्र ग्रोवर

कई बार युवतियों के साथ छेड़छाड़ जैसी घटना हो तो उनके लिए ये जानना मुश्किल होता था कि वे अपनी शिकायत लेकर कहां पर जाएं। अब वह बाजार में खुद को सुरक्षित महसूस कर सकती हैं। :-

अनुराधा सिंह, पटेलनगर

पिंक बूथ के खुलने से मनचलों पर लगाम लगेगी। पिंक बूथ पर महिला पुलिसकर्मी रहती हैैं, ऐसे में महिलाएं खुलकर अपनी कंप्लेन कर सकती हैैं। इसके लिए उन्हें थाने-चौकी के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

सुशोभिका रावत, राजपुर

dehradun@inext.co.in