देहरादून,(ब्यूरो): पिछले दिनों दून के पलटन बाजार में एक फुटवियर शॉप में युवती से छेड़छाड़ की घटना ने महिला सुरक्षा पर सवाल खड़े किए। मामला इतना बढ़ा कि दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति पैदा हो गई और बाजार में पुलिस फोर्स उतारनी पड़ी। महिला संगठनों के साथ ही व्यापारियों ने भी प्रशासन से वुमेंस सेफ्टी को लेकर सख्त कदम उठाने की अपील की। इसके बाद अब जिला प्रशासन ने खास पहल की है। अब महिलाओं को पुलिस की पिंक फोर्स सुरक्षा की गारंटी देगी। इसके लिए यहां महिला पुलिस की स्पेशल फोर्स तैनात रहेगी, यहां पुलिस पिंक बूथ स्थापित करेगी। पिंक फोर्स महिलाओं के साथ होने वाली किसी भी तरह की घटना पर क्विक एक्शन लेगी। थाने जाने से हिचकने वाली पीडि़त महिलाओं को इससे बड़ी मदद मिलेगी।

महिलाओं की ज्यादा आवाजाही

पलटन बाजार में महिलाओं की सबसे ज्यादा आवाजाही रहती है। यहां रोजाना तकरीबन 8 से 10 हजार लोग शॉपिंग करने आते हैं। खासकर महिलाओं की आवाजाही ज्यादा होने से यहां अधिकांश शॉप महिलाओं से संबंधित है। दूसरा पहलू यह भी है कि पलटन बाजार में अत्यधिक भीड़ होने से यहां महिलाओं के साथ चेन स्नेचिंग, पर्स चोरी की आए दिन घटनाएं सामने आती रहती हैं। जबकि यहां पास में ही सिटी कोतवाली पुलिस है, लेकिन लोकलाज के डर से महिलाएं कोतवाली में नहीं जाती, जिसका चोर उच्चके फायदा उठाते हैं।

टूरिस्ट्स को भी मिलेगी हेल्प

दून के मशहूर पलटन बाजार में देश-विदेश की महिला टूरिस्ट भी खरीदारी को पहुंचती हैं। कई बार बाहरी महिलाएं भी बदमाशों के निशाने पर आई हैं। बाहरी महिलाओं को जानकारी न होने के कारण वह कुछ कह नहीं पाती, न ही पुलिस तक पहुंच पाती हैैं। इससे शहर का नाम भी खराब हो रहा है। यही नहीं पहाड़ी राज्य होने के कारण यहां गांव से आने वाली महिलाओं के साथ ही कई बार चेन स्नेचिंग और पर्स चोरी की वारदातें सामने आ चुकी हैं।

डीएम-एसएसपी ने किया इंस्पेक्शन

कुछ दिन पहले ही एक युवती के साथ हुई छेड़खानी के बाद यहां दो समुदाय आमने-सामने आ गए थे। तब किसी तरह डीएम सविन बंसल ने एसएसपी अजय सिंह के साथ मिलकर मामले को शांत कराया था। प्रशासन के निर्देश पर बाजार में पुलिस गश्त शुरू की गई। घटना के कुछ दिन बाद डीएम ने एसएसपी के साथ संयुक्त निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान पलटन बाजार के व्यापारियों ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए थे। पूर्व में भी महिला सुरक्षा को लेकर यहां पुलिस फोर्स बढ़़ाने की मांग की गई थी।

बाजार में होंगे दो पिंक बूथ

डीएम सविन बंसल महिला सुरक्षा के साथ ही आम जनमानस की समस्या को लेकर संवेदनशील दिखाई दे रहे हैं। कार्यभार संभालने के बाद वह लगातार जनसमस्याओं के समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई में जुटे हैं। पलटन बाजार में महिला सुरक्षा को लेकर संजीदगी को देखते हुए इस पर भी उन्होंने कार्रवाई की। निरीक्षण के तीन दिन बाद ही महिला पुलिस का पिंक बूथ बनाने के लिए 1.36 लाख रुपए पुलिस विभाग को रिलीज कर दिए हैं। इसके अलावा डीएम ने पलटन बाजार में शौचालय बनाने के लिए स्थान उपलब्ध कराने के भी निर्देश भी दिए हैं। बताया जा रहा है कि पलटन बाजार में सीएनआई चौक और जामा मस्जिद के पास पिंक बूथ बनाए जाएंगे, इसके बाद सीएमआई अस्पताल के पास ङ्क्षपक बूथ और शौचालय बनाने की संभावना तलाशी जा रही है।

पलटन बाजार पर एक नजर

- दून का सबसे भीड़-भाड़ वाला मार्केट है पलटन बाजार

- यहां रोजाना 10 हजार के लगभग लोगों की है आवाजाही

- पूर्व में कई बार हो चुकी महिलाओं से चेन स्नेचिंग और पर्स चोरी

- लोकलाज की डर से महिलाएं नहीं करतीं पुलिस से कंप्लेन

- पुलिस पिंक बूथ में महिलाएं आसानी से करा पाएंगी अपनी शिकायत दर्ज

- वूमेंस की शिकायत पर पिंक बूथ में तैनात महिला पुलिस लेगी त्वरित एक्शन

महिला सुरक्षा सबसे पहले है। पलटन बाजार में निरीक्षण के दौरान भी महिलाओं की सुरक्षा को लेकर व्यापारियों ने भी अपनी बात रखी थी। जिसके बाद यहां पर पुलिस पिंक बूथ स्थापित करने का निर्णय लिया गया। दूसरी जगहों पर भी पिंक बूथ की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।

सविन बंसल, डीएम, देहरादून

dehradun@inext.co.in