देहरादून, (ब्यूरो): सफाई के बाद डीएम और नगर प्रशासक सविन बंसल ने शहर में स्ट्रीट लाइट की बदहाल व्यवस्था को सुधारने के लिए सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने लगातार आ रही शिकायत पर नाराजगी जताते हुए दीपावली तक स्ट्रीट लाइट मरम्मत कार्य से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टी पर रोक लगा दी है। उन्होंने कहा कि दीवाली की छुट्टी तभी मिलेगी, जब सभी स्ट्रीट लाइटें दुरुस्त हो जाएंगी। साथ ही मरम्मत कार्यों की निगरानी के लिए 6 अधिकारियों को तैनात कर दिया है। इसके अलावा नगर निगम स्थित कंट्रोल रूम से भी नियमित निगरानी की जा रही है। बीते कुछ दिनों के भीतर छह हजार लाइट ठीक की जा चुकी हैं।

निगरानी को 6 अधिकारी तैनात

डीएम सविन बंसल ने अवकाश के दिन संडे को स्ट्रीट लाइट की शिकायतों और मरम्मत कार्य की समीक्षा की। डीएम ने बड़ी संख्या में प्राप्त हो रही शिकायतों पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्ट्रीट लाइट हर हाल में सही होनी हैं। इधर, ईईएसएल ने मेरठ रिपेयर सेंटर को भेजी गईं 570 लाइट मरम्मत के बाद नगर निगम को सौंप दी हैं। साथ ही 334 खराब लाइट नगर निगम ने मरम्मत के लिए ईईएसएल कंपनी को दी हैं। अब तक निगम के पास 1500 से अधिक लाइट उपलब्ध हो गई हैं। कुल 11 टीमें निवर्तमान पार्षद और जन प्रतिनिधियों से जानकारी जुटाकर लाइट बदल रही हैं। शेष टीमों को सीएम हेल्पलाइन और अन्य शिकायतों के निस्तारण पर लगाया गया है।

11 दिन में 6000 लाइट दुरुस्त

-डीएम के निर्देश पर प्रतिदिन 500 से अधिक लाइट बदलकर शिकायतों का निस्तारण किया जा रहा है।

-नगर निगम की टीम ने छुट्टी के दिन संडे को विभिन्न वार्डों में लगभग 480 से अधिक लाइट ठीक की।

-इसके लिए बीते 9 अक्टूबर से 35 टीमें प्रतिदिन वार्डवार जाकर लाइट बदलने का कार्य कर रही हैं।

-करीब 11 दिन में 35 टीमें लगभग 6 हजार से अधिक लाइट ठीक कर चुकी हैं।

- देर रात मिली सूचना के अनुसार नगर निगम की सभी टीमों की ओर से कुल 646 लाइट की मरम्मत की गई।

शांतिकुंज में एक साल से लाइट खराब

नेहरूग्राम के पास स्थित शांतिकुंज कालोनी में करीब एक वर्ष से सभी पांचों लेन में स्ट्रीट लाइट खराब हैं। जबकि, यहां से नेहरूग्राम के लिए जाने वाला व्यस्त मार्ग भी गुजरता है। अंधेरा होने के कारण यहां अक्सर हादसों का भय बना रहता है। क्षेत्रवासी शंभू प्रसाद ने बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद नगर निगम की ओर से सुध नहीं ली गई। साथ ही क्षेत्रीय पार्षद भी उनकी मदद को आगे नहीं आ रहे हैं।

मोहकमपुर व अजबपुर आरओबी में अंधेरा

हरिद्वार बाईपास हाईवे पर अजबपुर रेलवे ओवर ब्रिज की लाइटें बंद हैं, जिससे आरओबी के ऊपर कई दिनों से अंधुरा पसरा है। अंधेरे के चलते आरओबी के ऊपर एक्सीडेंट का खतरा बना हुआ है। एक्सीडेंट के चांस इसलिए भी है क्योंकि इसके ऊपर तेजी से वाहन चलते हैं। यही हाल मोहकमपुर आरओबी का भी है। यहां पर कई दिनों से लाइटें नहीं जल रही है। हाईमास्क लाइट भी कई दिनों से बंद पड़ी हुई है।

अब स्ट्रीट लाइट पर सख्त हुए डीएम

- शिकायत के बाद स्ट्रीट लाइट को लेकर सख्त हुए डीएम

- कंप्लेन के बाद 9 अक्टूबर को लगाई थी नगर निगम को फटकार

- बड़ी संख्या में लाइट खराब होने पर कंपन को भी चेताया था

- स्ट्रीट लाइट मरम्मत में लापरवाही पर कंपनी पर पेनल्टी भरने के दिए थे निर्देश

- लाइटों की मरम्मत व निगरानी के लिए नाइट गश्त को बनाई टीमें

- डीएम ने दीवाली तक शहर की सभी लाइटों को ठीक करने के दिए निर्देश

- अधिकांश लाइटें दुरुस्त, लेकिन ठीक करनी भी अभी बाकी

- सख्त रुख अपनाते हुए डीएम ने चेताया, लाइटें ठीक न होने तक नहीं मिलेगी छुट्टी

बड़ी संख्या में शहर की स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। अभियान चलाकर लाइटें दुरुस्त किया जा रहा है। जहां जरूरत है वहां नई लाइटें लगवाई जा रही है। दीवाली तक हर गली की लाइट सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। लाइटें ठीक न होने तक इससे जुड़े अधिकारी-कर्मचारियों की छुट्टी रोक दी गई है।

सविन बंसल, डीएम एवं नगर प्रशासक

dehradun@inext.co.in