देहरादून,(ब्यूरो): रेडियो एक्टिव डिवाइस केस में पुलिस ने पूर्व इनकम टैक्स कमीश्नर श्वेताभ सुमन को भी आरोपी बनाया है। माना जा रहा है कि अब पुलिस उन्हें जल्द ही अरेस्ट कर सकती है। जबकि, दो लोगों को पुलिस ने सहारनपुर और नोएडा से हिरासत में लिया है। जिनसे पूछताछ जारी है। दरअसल, फ्राइडे को 5 लोगों को पुलिस ने रेडियो एक्टिव डिवाइस के साथ राजपुर रोड स्थित ब्रुक एंड वुड्स सोसायटी में पूर्व इनकम टैक्स कमिश्नर के फ्लैट से अरेस्ट किया था। पिछले 72 घंटों से पुलिस की पड़ताल में धोखाधड़ी की बात सामने आ रही है। इसलिए पुलिस ने केस में धोखाधड़ी की धाराएं बढ़ाई हैं।

5 लाख में खरीदी थी डिवाइस
बताया जा रहा है कि आरोपी रेडियो एक्टिव डिवाइस को महंगे दाम पर बेचकर करोड़ों रुपये का मुनाफा कमाना चाहते थे। गिरफ्तार आरोपी तबरेज आलम ने सहारनपुर के राशिद उर्फ समीर से 5 लाख रुपये में ये डिवाइस खरीदी थी। जिसको वह कार से इसे दून लाया था। जहां पूर्व आईटी कमिश्नर श्वेताभ सुमन के फ्लैट में सौदा होना था। जिसके लिए अन्य आरोपी भी बुलाए गए थे। तभी पुलिस को भनक लग गई।

किराए पर दिया था फ्लैट
इस घटनाक्रम में पुलिस ने विजयनगर आगरा निवासी सुमित पाठक, बेहट सहारनपुर निवासी तबरेज आलम, उत्तमनगर, नई दिल्ली निवासी सरवर हुसैन, जहांगीराबाद भोपाल निवासी जैद अली और टॉप रेजिडेंसी करोल भोपाल निवासी अभिषेक जैन को अरेस्ट किया था। इनके कब्जे से रेडियो एक्टिव डिवाइस बरामद की थी। आरोपी राजपुर रोड पर जाखन में ब्रुक एंड वुड्स सोसाइटी स्थित फ्लैट में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार यह फ्लैट पूर्व आयकर आयुक्त श्वेताभ सुमन ने आरोपियों को किराये पर दिया था।

जामिया में कर चुका है पढ़ाई
एसएसपी अजय ङ्क्षसह के मुताबिक पूछताछ में आरोपी तबरेज आलम ने बताया कि सहारनपुर निवासी राशिद उर्फ समीर उसका परिचित है। 10-11 महीने पहले राशिद ने उसे बताया कि उसके पास रेडियो एक्टिव डिवाइस है, जो करोड़ों में बिकती है। उसे रुपयों की सख्त जरूरत है, ऐसे में वह उसे सस्ते दाम में बेच रहा है। तबरेज आलम ने डिवाइस 5 लाख रुपये में खरीद ली। इसे महंगे दाम में बेचने की उसकी तैयारी थी। वह पूर्व में जामिया मिलिया इस्लामिया विवि दिल्ली में पढ़ चुका है। वहीं, उसकी मुलाकात लव मल्होत्रा से हुई थी। जिसने उसे बताया कि उसका एक परिचित सुमित पाठक है, जो कि रेडियो एक्टिव डिवाइस के बारे में जानकारी रखता है। इसके बाद लव मल्होत्रा ने तबरेज आलम की मुलाकात सुमित पाठक से करवाई। डिवाइस बेचने के लिए उन्होंने परिचित सरवर हुसैन को साथ जोड़ा और सुमित पाठक ने सौदा पक्का करने और डिवाइस चेक करने के लिए उन्हें दून बुलाया।

श्वेताभ सुमन की शह पर हुआ था सौदा
पुलिस की जांच में पता चला है कि आरोपियों ने रेडियो एक्टिव डिवाइस के सौदे के लिए पूर्व आईटी कमिश्नर से किराये पर उनका फ्लैट लिया। श्वेताभ सुमन ने सुमित पाठक को इस बात का भरोसा दिलाया था कि वह काफी प्रभावशाली व्यक्ति है। उसके घर पर पुलिस नहीं आ सकती। आरोपी तबरेज अपनी कार से रेडियो एक्टिव डिवाइस लेकर दून पहुंचा। वहीं, सुमित पाठक व उसके परिचित सरवर हुसैन को भी सौदे के लिए बुलाया। सुमित पाठक अपने साथ जैद अली व अभिषेक जैन को लाया। सभी आरोपी सुमित पाठक के साथ डिवाइस खरीदारी में अपना हिस्सा चाहते थे।

डिवाइस भेजी जाएगी मुंबई
एसएसपी के मुताबिक डिवाइस में केमिकल की जांच के लिए उसको मुंबई स्थित भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर भेजा जा रहा है। सैटरडे को सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। आरोपी श्वेताभ सुमन की तलाश की जा रही है।

dehradun@inext.co.in