देहरादून,(ब्यूरो): गत वर्षों की तर्ज पर इस बार भी हरेला पर्व की तैयारियां जोरों पर है। इस बार पूरे प्रदेश में 50 लाख प्लांटेशन का टारगेट रखा गया है। जिसकी शुरुआत आगामी 16 जुलाई से होनी है। दावा तो ये भी किया जा रहा है कि हरेला पर्व के पहले तीन दिनों में दून समेत पूरे 13 राज्यों में 50 परसेंट यानि 25 लाख पौधों का प्लांटेशन किया जाएगा। इसको लेकर दून जिला प्रशासन ने भी अपनी तैयारियों को फाइनल टच देने की तैयारी कर दी है। बाकायदा, इसके लिए एक कमेटी का गठन किया गया है। जिसकी अध्यक्ष डीएम दून को बनाया गया है। इसके अलावा डीएफओ दून को फ्री प्लांट्स उपलबध कराने के लिए नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

घर-घर हरियाली का नारा
हरेला पर्व को देखते हुए जिला प्रशासन ने हरित दून के संकल्प को पूरा करने के लिए पर्यावरण की रखवाली, घर-घर हरियाली, लाए समृद्धि और खुशहालीÓ का नारा भी दिया है। कहा गया है इस वर्ष हरेला पर्व इसी थीम पर मनाया जाएगा। डीएम दून सोनिका के मुताबिक जनपद स्तरीय समिति सार्वजनिक स्थानों जैसे स्थापित हरेला वनों, नदियों के किनारे, गदेरों, स्कूल कॉलेज कैंपस, विभागीय परिसरों, सिटी पार्क, रेजिडेंशियल कैंपस आदि स्थलों को प्लांटेशन के लिए चयनित किया जाएगा। इसके लिए एक आयोजन समिति भी बनाई गई है।

दून में प्लांटेशन का टारगेट तय नहीं
हरेला पर्व पर 16 जुलाई से प्लांटेशन की शुरुआत की जाएगी। दून शहर में कहां-कहां प्लांटेशन होगा। इस पर प्रशासन प्लांट्स की उपलब्धता की बात कर रहा है। ये भी कहा जा रहा है कि इसके लिए नगर निगम से भूमि की उपलब्धता के लिए कहा गया है। उसी के अनुसार उन स्थानों पर प्लांटेशन किया जाएगा। इसके अलावा दून में हरेला पर्व पर होने वाले प्लांटेशन को लेकर कितने प्लांटेशन का टारगेट रखा गया है। इस पर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। जबकि, सीडीओ दून का कहना है कि ये लक्ष्य पौधों की उपलब्धता पर ही निर्भर करेगा।

आयोजन कमेटी गठित
हरेला पर्व पर प्लांटेशन के लिए डीएम की अध्यक्षता में प्रशासन ने कमेटी का गठन किया है। जिसको आयोजन समिति नाम दिया गया है। इसके अलावा सीडीओ, नगर आयुक्त, डीएफओ, प्रोजेक्ट डायरेक्टर डीआरडीओ, अधीक्षण अभियंता एमडीडीए, मुख्य कृषि अधिकारी, मुख्य उद्यान अधिकारी, जीएम जिला उद्योग व जिला पंचायती राज अधिकारी को मेंबर बनाया गया है। जबकि, मेंबर सेक्रेटरी का जिम्मा जिला विकास अधिकारी को सौंपा गया है।

कमेटी में ये विभाग शामिल
-एमडीडीए
-नगर निगम
-जिला स्तरीय संबंधित विभाग
-वन विभाग
-कृषि
-जलागम
-शहरी विकास
-आवास
-ग्राम्य विकास
-उद्योग
-पंचायती राज

इन इलाकों में प्लांटेशन
-हरेला वनों
-नदियों के किनारे
-स्कूल व कॉलेज कैंपस
-सिटी पार्क
-विभागीय कैंपस
-रेजिडेंशियल कैंपस

इन संस्थआों की ली जाएगी हेल्प
बताया गया है कि इसके लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्थानीय निकायो, जिला विकास प्राधिकरणों, आरडब्ल्यूए, एजीओ, वन पंचायतों व आम लोगों का सहयोग लिया जाएगा। इसके अलावा सभी आर्मी यूनिट्स, कैंट बोर्ड, आईटीबीपी, एनसीसी, होमगार्ड, पीआरडी, एसएचजी भी कार्यक्रमों का आयोजन करेंगे।

प्लांटेशन पर एक नजर
-शुभारंभ व समापन जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में होगी।
-कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले ग्रामसभा व ग्राम पंचायत के सदस्यों को स्मृति चिन्ह दिए जाएंगे।
-जनप्रतिनिधियों के साथ स्कूलों, स्थानीय निकायों व संस्थाओं व आम लोगों के सहभागिता होगी।
-प्लांटेशन में 50 परसेंट फलदार पौधे होंगे, बाकी अन्य पौधे होंगे शामिल।
-प्लांटेशन के बाद रखरखाव संबंधित विभाग, स्थानीय लोग, वन पंचायतें, महिला व युवा मंगल करेंगे।
-हरेला पर्व पर होने वाले प्लांटेशन के लिए अभी से लोगों के बीच प्रचार-प्रचार पर दिया जाएगा जोर।
-हरेला के दौरान संबंधित विभागों की ओर से 2 पौधे प्रति परिवार के अनुसार जनपद लेवल के अधिकारी जिम्मेदार होंगे।

वन विभाग देगा प्लांट्स, डीएफओ नोडल अफसर
बताया गया है कि पौधों के उपलब्धता के लिए डीएफओ को नोडल अफसर बनाया गया है। जिनकी ओर से निशुल्क प्लांट्स आवंटित एि जाएंगे। ये प्लांट्स स्कूल कॉलेजों, स्थानीय निकायों, जनप्रतिनिधियों के साथ आम लोगों को आवंटित किए जाएंगे।

हरेला पर्व पर बड़े पैमाने पर होने वाले प्लांटेशन के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। प्लांटेशन के लिए नगर निगम से जमीन बताने के लिए भी कहा गया है। 16 से लेकर 18 जुलाई तक यानि शुरु के 3 दिन में लक्ष्य के मुताबिक 50 परसेंट तक दूनवासियों के सहयोग से प्लांटेशन किए जाने की कोशिश है।
-सोनिका, डीएम, दून.

dehradun@inext.co.in