मीरजापुर : बिहार से झाड़-फूंक कराने के लिए विंध्याचल आई महिला को प्रसाद के नाम पर शराब पिलाकर तांत्रिक द्वारा एक लाज में दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। स्वजन की शिकायत पर देर रात एक लाज में पहुंची पुलिस पीडि़ता को अपने साथ कोतवाली ले गई। देर रात पूछताछ करने के बाद पुलिस ने महिला को शुक्रवार की सुबह उसके स्वजन के साथ घर भेज दिया। पुलिस ने दुष्कर्म की घटना से इंकार किया। कहा कि इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। बताया गया कि बिहार के सासाराम जिले के एक गांव से एक महिला अपने परिवार के साथ गुरुवार को विंध्याचल दर्शन पूजन व झाड़-फूंक कराने आई थी। महिला के देवर के अनुसार वह लोग पांच की संख्या में विंध्याचल के एक लाज में रुके थे। आरोप है कि महिला का बहनोई अपने परिचित एक तांत्रिक को साथ में झाड़-फूंक कराने के लिए लेकर आया था। रात में विंध्याचल त्रिमुहानी के पास स्थित लाज में रुकने के दौरान तांत्रिक ने महिला की झाड़-फूंक की। इसके बाद प्रसाद के नाम पर सभी को शराब पिलाया। इससे कुछ देर बाद वह अचेत होने लगी। वहीं अन्य लोग भी शराब पीकर बेसुध हो गए। होश में आने पर महिला ने घटना की आपबीती अपने स्वजन को सुनाई।