वाराणसी (ब्यूरो) बलिया के बांसडीह विधानसभा क्षेत्र की भाजपा विधायक केतकी सिंह समेत तीन लोगों को जान से मारने की धमकी देते हुए दीवारों पर पर्चा चिपकाया गया है। १० रुपये के नोट के साथ पर्चे बेरुआरबारी ब्लाक परिसर के अंदर पांच जगहों पर, एक घर की बाउंड्री वाल और तीन अन्य स्थानों पर चिपकाए गए हैं। गांव में तीन जगह ये पर्चे रास्ते में गिरे मिले। मामले में सुखपुरा थाने में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। बेरुआरबारी पुलिस चौकी इंचार्ज अखिलेश सिंह ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। आरोपित जल्द गिरफ्त में होगा।

लाल पेन से पत्र में लिखा गया
लाल पेन से पत्र में लिखा गया है कि जिस तरह बांसडीह कोतवाली के सामने हत्या की गई थी
, उसी तर्ज पर भाजपा विधायक केतकी सिंह, गड़वार के भानु दुबे और छोड़हर के शुभम चौबे की हत्या की जाएगी। इसके लिए पैसा आ चुका है और गैंग के लोग जिले में एक्टिव हो गए हैं। पुलिस रोक सकती है तो रोक ले। सभी पत्र के मजमून बिल्कुल एक जैसे हैं। सुखपुरा के थानाध्यक्ष योगेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि सभी पत्रों को हटवा दिया गया है। अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही हैं। केतकी सिंह ने कहा कि उन्होंने रोहित हत्याकांड में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का प्रयास किया है। अपराधी शायद बौखलाहट में ऐसी हरकत कर रहे हैं। ऐसी बातों से वह डरने वाली नहीं हैं और पुलिस के बड़े अधिकारियों को इसकी जानकारी दी है।

किसी से दुश्मनी भी नहीं

भानु दुबे ने कहा कि रोहित पांडेय के परिवार को सांत्वना देने गए थे। संभव है अपराधियों को यह अच्छा न लगा हो। शुभम चौबे का कहना है कि उनकी किसी से दुश्मनी भी नहीं है। उनका नाम पत्र में क्यों है, नहीं जानते। केतकी सिंह ने २० जुलाई को हुए रोहित हत्याकांड के तीन दिन बाद आजमगढ़ में हुई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अवगत कराते हुए किसी आरोपित के गिरफ्तार नहीं होने का मुद्दा उठाया था। मुख्यमंत्री की फटकार के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और मुख्य आरोपित रोहित यादव व शेखर यादव समेत छह की गिरफ्तारी हुई। रोहित यादव समेत दो आरोपितों के घर पर प्रशासन का बुलडोजर भी चला था।