मेरठ (ब्यूरो)। शहर में हर चौराहे, हर सड़क पर लग रहा जाम जी का जंजाल बन चुका है।जाम से निकलना लोगों के लिए बड़ी च़ुनौती बनता जा रहा है। लंबे-लंबे जाम शहरवासियों का दम फुला रहे हैं। सुबह से रात तक चौराहों पर वाहनों की लंबी कतार बनी हुई हैं। पुलिस व्यवस्था और ट्रैफिक अमला इससे निजात दिलाने में फेल हो रहे हैं। स्थिति यहां तक पहुंच गई है कि शहरवासी सोशल मीडिया तक पर जाम से मुक्ति की गुहार लगा रहे हैं।

ये है स्थिति
महानगर में भूमिया पुल, हापुड़ अड्डा चौराहा, गढ़ रोड, तेजगढ़ी, सोहराब गेट बस स्टैंड जैसे इलाके सुबह से ही जाम से जूझना शुरु कर देते हैं। आटो चालक, ई-रिक्शा, रेहड़ी से पटे रास्तों पर लोगों को निकलना मुहाल हो जाता है। हालात यह हैं कि यहां से लोगों को निकलने में दो से तीन घंटे तक लग जाते हैं। ई रिक्शा, टैंपो चालक सड़कों पर ही खड़े रहते हैं। रात में वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। कामकाजी लोगों को सबसे अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है

ये हैं जाम के प्रमुख कारण
शहरों में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हर साल नए वाहन सड़कों पर आते हैं, लेकिन सड़क की क्षमता सीमित होती है।
अवैध रूप से होने वाली पार्किंग, जगह-जगह खड़े वाहन जाम का कारण बन रहे हैं। सड़क की चौड़ाई कम रहती है जिससे दूसरे वाहन फंस जाते हैं।

ई-रिक्शा, ऑटो टैम्पों, बसें, रेहडिय़ों के चलते भी जाम लगा रहता है।

बड़े-बड़े गड्ढे, टूटी हुई सड़कें भी जाम की वजहें हैं

सही प्लानिंग की जरूरत
ट्रैफिक से निजात पाने के लिए सही प्लानिंग की जरूरत हैं। एक्सपर्ट बताते हैं प्राइवेट वाहनों की अधिकता बढ़ते जाम का बड़ा कारण है। जरूरी है कि रोड पर ट्रैफिक सिग्नल्स के साथ ही ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर्स की मॉनिटिरिंग बेहतर होनी चाहिए। वहीं, सड़कों का विस्तार होना चाहिए, पार्किंग नियमों को लागू करवाना चाहिए। लोगों को ट्रैफिक नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक कराना जरूरी है।

इनका है कहना
शहर में ट्रैफिक जाम एक जटिल समस्या है। भूमिया पुल पर नियमित यातायात बाधित रहता है। घंटों लोग यहां फंसे रहते हैं। कई बार जरूरी काम तक रूक जाते हैं। इसके समाधान के लिए प्रशासन को प्रयास करना चाहिए। जाम की समस्या काफी गंभीर है।
सीपी मलिक, मुख्य शिकायत कर्ता

सड़क पर ट्रैफिक जाम होने की वजह से लोगों का समय बर्बाद होता है। उनकी मानसिक स्थिति प्रभावित होती है। गंभीर दुर्घटनाएं भी इसी कारण से हो रहीं हैं। लोग दिन में घर से निकलने से घबराते हैं।
अमित गुप्ता

शहर में जाम प्रमुख समस्या बन गई है। बड़े चौराहों पर ये अधिक देखने को मिलती है। हर जगह वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। सड़के पर्याप्त नहीं हैं। इसका समाधान होना चाहिए।
गुलशाद

ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए पुलिस प्रशासन पूरे प्रयास कर रहे हैं। जाम को काफी हद तक मैनेज भी किया गया है।यदि कहीं समस्या है तो वहां भी समाधान कराया जाएगा।
राघवेंद्र कुमार मिश्रा, एसपी ट्रैफिक, मेरठ