मेरठ (ब्यूरो)। डेंगू के डंक से राहत के लिए दैनिक जागरण आई नेक्स्ट के अभियान की मुहिम रंग लाने लगी है। अभियान के साथ जुड़कर मलेरिया विभाग और नगर निगम की टीम ने शहर की मलिन बस्तियों और मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में फॉगिंग अभियान चलाया। इसके साथ ही स्थानीय लोगों को डेंगू और मलेरिया के प्रति जागरूक किया। इस दौरान हैंड फॉगिंग गन से संकरी गलियों में प्रमुखता से फॉगिंग की गई।

इमलियान, शाहपीर गेट
दैनिक जागरण आई नेक्स्ट के अभियान डेंगू का डंक के तहत शहर में डेंगू के हॉट स्पॉट बने प्रमुख इलाकों की स्थिति को उजागर किया गया था। इन इलाकों गंदगी और जलभराव के कारण डेंगू का हर साल प्रकोप बढ़ता है। ऐसे में मलेरिया विभाग और नगर निगम की टीम ने इमिलियान और शाहपीर गेट की संकरी गलियों में फागिंग कर स्थानीय लोगो को जागरुक किया। इस दौरान इमलियान में लोगों ने दैनिक जागरण आई नेक्स्ट की टीम का इस अभियान का धन्यवाद किया।

सुभाषनगर, सुरजकुंड
अभियान में सुभाषनगर के लोगों ने अपने क्षेत्र में मच्छरजनित बीमारियों के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। इन शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए नगर निगम की टीम के साथ मिलकर सुभाषनगर और सूरजकुंड में फॉगिंग अभियान चलाकर लोगों को कुछ राहत दिलाई। इस दौरान स्थानीय लोगों को जागरुक किया गया।

इनका है कहना
हमारे क्षेत्र में नाले के कारण मच्छर जनित बीमारियों की समस्या हर साल बनी रहती है। फॉगिंग यहां लगातार पूरे सीजन में होनी जरुरी है।
संजीव यादव

इमलियान मस्जिद के आसपास के क्षेत्र में मच्छर जनित बीमारियों का अच्छा खासा प्रकोप है। यहां दैनिक जागरण आई नेक्स्ट ने विशेष रूप से अभियान चलाकर फॉगिंग कराई है।
अकरम गाजी

हमारे क्षेत्र की गलियों में महीने में दो या तीन बार ही फागिंग होती है। यहां नियमित फागिंग की जरुरत है। यहां मच्छर जनित बीमारियों के फैलने का खतरा है।
देव

निगम द्वारा रोस्टर बनाकर लगातार फागिंग कराई जा रही है। जहां-जहां से शिकायतों आती हैं वहां प्राथमिकता के तौर पर फॉगिंग कराई जा रही है।
डॉ। हरपाल सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी