लखनऊ (ब्यूरो)। अपार्टमेंट्स में व्याप्त समस्याओं को लेकर डीजे आईनेक्स्ट की ओर से चलाए गए अभियान हाइट ऑफ नेगलिजेंस का व्यापक असर देखने को मिला है। इस अभियान को एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने स्वत: संज्ञान लिया है और उन सभी समस्याओं को चिन्हित करने का काम शुरू करा दिया है, जिनकी वजह से आवंटी परेशान हैं। उन्होंने आश्वस्त किया है कि सभी समस्याओं का निराकरण कराया जाएगा फिर लगातार समस्याओं को लेकर मॉनीटरिंग भी कराई जाएगी। जिससे भविष्य में भी आवंटियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।

डीजे आईनेक्स्ट ने चलाया था अभियान
डीजे आईनेक्स्ट की ओर से अपार्टमेंट्स में व्याप्त समस्याओं को सामने लाने के लिए हाइट ऑफ नेगलिजेंस के नाम से अभियान चलाया गया था। इस अभियान के माध्यम से बताया गया था कि किस तरह से अपार्टमेंट्स में सीपेज, वाटर लागिंग, बेसमेंट पार्किंग इत्यादि समस्या हैैं, जिसकी वजह से आवंटी परेशान हो रहे हैं।

येे हैैं कॉमन समस्याएं
1- लिफ्ट
2- सीपेज
3- बेसमेंट में पानी भरना
4- फायर सिस्टम बेहतर किया जाना
5- इलेक्ट्रिसिटी बैकअप

इस तरह बन रहा प्लान
डीजे आईनेक्स्ट की ओर से इस अभियान को लेकर वीसी प्रथमेश कुमार से बातचीत की गई तो उन्होंने ये कदम उठाने की बात कही।
1-प्रमुख अपार्टमेंट्स को लेकर कार्ययोजना तैयार हो रही है
2-हमारा प्रयास है कि आवंटियों की समस्याएं दूर हों।
3-सृष्टि समेत कई अन्य अपार्टमेंट्स में जल्द काम शुरू होंगे
4-तैयार कार्ययोजना को इंप्लीमेंट करने के लिए जल्द ही बड़ी बैठक बुलाई गई है, जो 11 सितंबर को संभावित है
5-रेगुलर मॉनीटरिंग की व्यवस्था भी कराई जाएगी
6-आवंटियों से भी संवाद की व्यवस्था बनाई जाएगी

अब रात 10 तक खुलेगा जनेश्वर मिश्र पार्क
जनेश्वर मिश्र पार्क में घूमने के लिए आने वाले लोग अब ज्यादा देर तक सैर-सपाटा कर सकेंगे। इसके लिए एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने पार्क के खुलने और बंद होने के समय में संशोधन कर समय सीमा एक घंटे बढ़ा दी है। पार्क अब सुबह 5 बजे से रात 10 बजे तक खुला रहेगा।

अभी रात नौ बजे तक खुलता है
प्राधिकरण सचिव विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि गर्मी में जनेश्वर मिश्र पार्क सुबह 5 बजे से रात 9 बजे तक खुलता है। वहीं शरद ऋतु में पार्क सुबह 6 बजे से रात 8 बजे तक खोला जाता है। पार्क में मनोरंजन के लिए किड्स प्ले एरिया, 5डी मोशन पिक्चर, मल्टीमीडिया वॉटर स्क्रीन लेजर शो, ई-बाइक संग कई गतिविधियां संचालित हो रही हैं।

इस वजह से उठाया कदम
पार्क में आने वाले अपनी सुविधा अनुसार इन मनोरंजक गतिविधियों का ज्यादा देर तक मजा ले सकें, इसके लिए वीसी ने पार्क के खुलने की समय सीमा को एक घंटे के लिए बढ़ाई है। अब गर्मी में पार्क सुबह 5 बजे से रात 10 बजे तक खुलेगा। जिसमें सुबह 8:30 बजे से रात 9 बजे तक प्रवेश के लिए टिकट लेनी होगी। सर्दियों में पार्क सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक खोला जाएगा, जिसमें सुबह 8:30 बजे से रात 9 बजे तक टिकट लगेगी। वहीं पार्क में सुरक्षा व्यवस्था के लिए 20 और सिक्योरिटी गार्ड तैनात किए जाएंगे।