लखनऊ (ब्यूरो)। मंगलवार को सुबह से ही भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर शहर को साफ करने का अभियान व्यापक स्तर पर चलाया। भाजपा नेताओं के साथ उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक वित्त मंत्री सुरेश खन्ना भी इस सफाई अभियान में शामिल हुए। इस दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नगर वासियों को स्वच्छता का संदेश दिया। महापौर सुषमा खर्कवाल भी कई आयोजनों में शामिल हुईं और कहा कि नगर निगम सफाई कराने को हमेशा तैयार रहता है लेकिन इधर-उधर कूड़ा न फेंका करें, जिससे गंदगी बढ़ती है।

कूड़ा उठाया भी
बालागंज चौराहे पर सुबह साढ़े सात बजे पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने झाड़ू लगाने के साथ कूड़े को भी उठाया। इस दौरान उन्होंने साफ सफाई से खुद रहने और दूसरों को भी यही संदेश देने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर स्वच्छता सेवा का पखवाड़ा चल रहा है। 2014 से प्रधानमंत्री लगातार देश के विकास के बारे में सोच रहे हैं और तीसरे कार्यकाल के सौ दिन में विकास के तमाम काम नजर आ रहे हैं।

भाजपा मना रही सेवा पखवाड़ा
राजधानी के चारबाग मेट्रो स्टेशन के पास आंबेडकर प्रतिमा स्थल के आसपास सुबह सात बजे स्वच्छता सेवा पखवाड़ा में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि भाजपा सेवा पखवाड़ा मना रही है। गली-गली में लोग घरों से निकलकर स्वच्छता सेवा पखवाड़ा अभियान चला रहे हैं प्रदेश में हर कोई आयोजन में शामिल होकर स्वच्छता का संदेश दे रहा है। दीनदयाल डूडा कालोनी इंदिरानगर में सुबह सात बजे वित्त मंत्री सुरेश खन्ना शामिल हुए, उनके साथ पूर्वी क्षेत्र से विधायक ओपी श्रीवास्तव और महापौर सुषमा खर्कवाल शामिल रहीं।

सीएम योगी करेंगे शुभारंभ
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र ङ्क्षसह ने डालीगंज बाजार में कार्यकर्ताओं संग सड़कों पर झाड़ू लगाई। दोपहर सवा तीन बजे से पौने चार बजे तक हजरतगंज के पटेल पार्क में प्रधानमंत्री के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।