लखनऊ (ब्यूरो)। लखनऊ समेत प्रदेश के सभी नगर निगमों के वार्डों में सफाई व्यवस्था को लेकर बीट सिस्टम लागू होने जा रहा है। सभी वार्डों में सुबह पांच बजे से सफाई शुरू होगी, वहीं सार्वजनिक स्थानों और पर्यटन स्थलों पर शाम चार बजे से सफाई शुरू होगी। इस बाबत नगर विकास विभाग की ओर से गाइडलाइंस जारी कर दी गई है।

स्वच्छ त्योहार अभियान की शुरुआत

नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने बताया कि नगर विकास विभाग द्वारा स्वच्छ त्योहार 2024 अभियान की शुरुआत की गयी है। स्वच्छ भारत मिशन (नगरीय) द्वारा प्रदेश की सभी नगरीय निकायों को अभियान से जुड़ी सभी गतिविधियों के संचालन से संबंधित निर्देश जारी किये हैं। स्वच्छ दीपावली शुभ दीपावली अभियान अंतर्गत खानपान के स्थानों को स्वच्छ फूड स्ट्रीट के रुप में विकसित किया जाए। सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार कर जूट के बैग, कपड़े के बैग इत्यादि विकल्पों को प्रयोग में लाया जाए।

रोड्स की सफाई

मंत्री ने निर्देश जारी किए हैैं कि सभी निकायों के हर वार्ड में सफाई कर्मियों की बीट बनाते हुये सुबह 5 बजे से 8 बजे तक सड़कों-गलियों की साफ सफाई की जाए। शहर के मुख्य बाजारों, प्रमुख सार्वजनिक स्थलों जैसे बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, सांस्कृतिक एवं पर्यटन स्थलों, शिक्षण संस्थानों के पास शाम चार बजे से आठ बजे के बीच भी सफाई एवं कूड़े का उठान कराया जाए।

घाटों पर पेयजल की व्यवस्था

उन्होंने कहा कि निकायों के सभी घाटों व धार्मिक स्थलों पर समुचित पेयजल व्यवस्था की जाए। घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था की जाएगी। घाटों के पास रेड एवं यलो स्पॉट चिन्हित कर चेतावनी संदेश स्थापित कराया जाएगा एवं नजदीकी टॉयलेट की दूरी भी दर्शायी जाएगी। घाट व पूजा स्थलों के पास स्टॉल लगाए जाएंगे।

स्वच्छता जागरुकता के लिए अभियान

प्रतिबंधित प्लास्टिक

प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग तथा प्लास्टिक या थर्मोकोल से निर्मित उत्पादों के विरूद्ध विशेष अभियान चलाकर त्योहारों को जीरो प्लास्टिक इवेंट एवं जीरो वेस्ट इवेंट के रूप में मनाया जाएगा। लोगों को प्लास्टिक के उत्पादों एवं प्लास्टिक बैग के उपयोग के नुकसान के बारे में बताया जाएगा।

सौंदर्यीकरण संबंधी कदम

सभी निकायों के चौराहों पर सौन्दर्यीकरण एवं मरम्मत के साथ सफाई अभियान चलाया जाएगा। रेलवे स्टेशनों, बस स्टैैंड आदि जगहों पर भी यह कदम उठाया जाएगा।

स्वच्छ टॉयलेट अभियान

सार्वजनिक टॉयलेट की सफाई एवं रखरखाव पर ध्यान रखते हुए दिन में दो बार सफाई कराई जाएगी। विशेष स्वच्छ टॉयलेट अभियान चलाया जाएगा। टॉयलेट की मरम्मत व आसपास साफ सफाई की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

घाटों पर विशेष फोकस

दीपावली एवं छठ पूजा में घाटों पर सफाई का विशेष अभियान चलाया जाएगा। निकायवार स्वच्छ घाट प्रतियोगिता कराई जाएगी। इसमें निकाय स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले निकायों को सम्मानित किया जाएगा।

स्वच्छ सारथी क्लब

स्कूल, कालेज, यूनिवर्सिटी के आसपास सफाई व्यवस्था संग स्वच्छता के प्रति जागरुकता के लिए रंगोली, वाद-विवाद, कला प्रतियोगिता आदि होंगे। निकायों पर बने आरआरआर सेंटर्स को इस स्वच्छ दीपावली के अंतर्गत उपयोग में लाया जाएगा।

स्वच्छ दीपावली रील्स 2024

सभी निकायों में दीपावली पर साफ-सफाई, सीटीयू ट्रांसफॉर्मेशन एवं स्वच्छता के प्रति नवाचार से स्वच्छ दीपावली मनाये जाने के 30 से 60 सेकंड की वीडियो रील्स बनाये जाने के लिए युवाओं को प्रेरित किया जाएगा व निकाय इसे अपने सोशल मीडिया पेज पर पोस्ट करेगा।