लखनऊ (ब्यूरो)। 'पेड़ लगाओ पेड़ बचाओ' अभियान के अंतर्गत 20 जुलाई को अयोध्या रोड अकबर नगर प्रथम कुकरैल नदी के किनारे होने वाले पौधरोपण कार्यक्रम के मद्देनजर मंडलायुक्त डॉ। रोशन जैकब ने कार्यक्रम स्थल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मौके पर लैंड स्केपिंग का कार्य होता पाया गया। मंडलायुक्त ने बताया कि कुकरैल नदी के किनारे साढ़े चार किलोमीटर की दूरी में हरियाली होगी। उन्होंने बताया की लगभग 25 एकड़ भूमि पर सौमित्र वन और शक्ति वन विकसित किये जाएंगे, जिसमें प्राणवायु देने वाले पेड़ों की श्रंृखला होगी।

वन क्षेत्र कम होता जा रहा

मंडलायुक्त ने जनपद के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा की वन क्षेत्र कम होता जा रहा है, ऐसे में हम सभी को पौधरोपण में बढ़ चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाए जाने के साथ ही साथ उनको सुरक्षित रखने की भी उतनी ही आवश्यकता है। मंडलायुक्त ने बताया कि पौधरोपण अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम स्थल पर लगभग 10 हजार पौधे लगाये जाएंगे, जिसमे 6000 बड़े पौधे और 4000 छोटे पौधे मियावाकी पद्धति से रोपित किए जाएंगे।

कई तरह की सुविधाएं रहेंगी

मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम में काफी संख्या में लोगों का आगमन होगा, जिसके मद्देनजर कार्यक्रम स्थल पर एंबुलेंस, पेयजल के टैंकर और मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था रहेगी। कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों की सुविधा के लिए पार्किंग की व्यवस्था को सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके साथ ही कार्यक्रम की भव्यता को देखते हुए क्राउड मैनेजमेंट प्लान बनाना सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वन क्षेत्र में शीशम, जामुन, बेल, अर्जुन, आम, इमली, आंवला, कटहल, अमरूद समेत 32 प्रजाति के पेड़ लगाये जाएंगे। इसके अलावा सर्पगंधा, एलोविरा जैसे 10 हर्ब प्रजाति और नींबू, करौंदा व चांदनी जैसे झाड़ी प्रजाति के पौधे रोपित किए जाएंगे। निरीक्षण में एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार, प्रभागीय वन अधिकारी शितांशु पांडेय आदि मौजूद रहे।