लखनऊ (ब्यूरो)। Lucknow Crime News: लुलु मॉल में कल्याण ज्वैलर्स के शोरूम से चार दिन पहले तीन महिलाओं ने सोने के दो कंगन पार कर दिए थे। चोरी की वारदात करते हुए महिलाएं शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईं। कंगनों की कीमत करीब तीन से चार लाख रुपये बताई जा रही है। मैनेजर ने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी तलाश कर रही है।

लाखों रुपये कीमत के है कंगन

लुलु मॉल में कल्याण ज्वैलर्स शोरूम के मैनेजर पवन कुमार जायसवाल ने बताया कि 11 सितंबर की रात नौ बजे शोरूम बंद करने के समय कर्मचारियों ने ज्वैलरी का मिलान कराया। इसमें दो कंगन कम मिले। कंगन का वजन करीब 43.76 ग्राम था। सीसीटीवी कैमरा की रिकार्डिंग चेक की गई तो पता चला कि शाम करीब छह बजे तीन महिलाएं कंगन देखने शोरूम आई थीं। तीनों को कर्मचारी आकाश ङ्क्षसह व महक गुप्ता कंगन दिखा रहे थे। कंगन दिखाते समय उन महिलाओं ने दो कंगन चोरी कर लिए। इसकी जानकारी कर्मचारियों को नहीं हो सकी। महिलाएं कंगन चोरी करने के बाद बाहर चली गईं। इंस्पेक्टर अंजनी मिश्रा के मुताबिक, फुटेज के आधार पर महिलाओं की तलाश की जा रही है।

महिला कर्मचारियों से अभद्रता कर वैन में की तोड़फोड़

महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन में तैनात महिला कर्मचारियों से अभद्रता और उनकी वैन में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। अपर पुलिस अधीक्षक ने गौतमपल्ली थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन मुख्यालय में तैनात अपर पुलिस अधीक्षक विजय त्रिपाठी ने बताया कि आठ सितंबर की रात करीब 12 बजे मुख्य आरक्षी शेष ङ्क्षवद व कुछ अन्य कर्मचारी वैन लेकर निकले। वैन में महिला कर्मचारी भी सवार थीं। उनको घर पहुंचाने के लिए वैन जैसे ही चौराहे पर पहुंची, कुछ अराजकतत्वों ने उसे रोक लिया। कर्मचारियों से गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर सरकारी वैन में तोड़फोड़ शुरू कर दी। मुख्य आरक्षी ने सूचना दी कि सतीश यादव नाम के युवक ने कुछ लोगों के साथ मिलकर अराजकता की है। वहीं, इंस्पेक्टर गौतमपल्ली वेद प्रकाश राय के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है। चौराहे पर लगे सीसी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।