लखनऊ (ब्यूरो)। मानसून में मच्छरों का बढ़ता प्रकोप बड़ी परेशानी की वजह बनता जा रहा है। ये मच्छर डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी घातक बीमारियों को फैलाने का काम करते हैं। मार्केट में वैसे तो मच्छरों को भगाने के लिए कई प्रोडक्ट्स मौजूद हैं, पर आप अगर नेचुरल तरीके से मच्छरों को भगाना चाहते हैं तो अपने घर में ऐसे पौधों को भी लगा सकते हैं, जो मच्छरों को भगाने का काम करते हैं। इतना ही नहीं, ये पौधे आपके घर या बागीचे को महकाने का भी काम करेंगे। आइए आपको कुछ ऐसे ही पौधों के बारे में बताते हैं विस्तार से

आवश्यक तेल भगाते है मच्छर

अपने घर के बागीचे या आंगन में मच्छर भगाने वाले पौधे लगाना मच्छरों को दूर रखने का एक नेचुरल तरीका है। एक्सपर्ट्स के अनुसार, कुछ पौधों में आवश्यक तेल होते हैं, जो मच्छरों को दूर रखने की क्षमता रखते हैं। यह जानना भी जरूरी है कि कुछ पौधे कीटों को दूर भगा सकते हैं। इन पौधों की खेती के अलावा अपने बगीचे में मच्छरों को नियंत्रित करने के प्रभावी उपाय अपनाना इन कीटों के प्रसार को रोकने के लिए महत्वपूर्ण है। इसलिए इन पौधों को घर के अंदर और बाहर लगा सकते है। जिससे घर-आंगन तो महकेगा ही मच्छरों से भी निजात मिलेगी।

लैवेंडर

मच्छर भगाने वाले पौधों में सबसे खास लैवेंडर है। यह पौधा काफी अच्छी खुशबू देता है। यह एनाल्जेसिक, एंटीफंगल और एंटीसेप्टिक गुणों से भरपूर होता है। इसमें लिनालूल नामक एक योगिक होता है जो मजबूत गंध पैदा करता है। यह मच्छरों को पसंद नहीं आता है। लैवेंडर के पौधों की देखभाल करना काफी आसान है। आपको बस इतना ध्यान रखना है कि इन्हें धूप और अच्छी जल निकासी की जरूरत होती है।

गेंदे का फूल

मैरीगोल्ड यानि गेंदे का फूल सजावटी पौधों के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। इसे उगाना भी काफी आसान है। इससे एक ऐसी गंध भी निकलती है जो मच्छरों को इसके पास आने से रोक सकती है। इसमें पाइरेथ्रम और थियोफीन नामक नेचुरल केमिकल होता है। जिससे मच्छर और कीट आदि पास नहीं आते है। इन्हें गमलों में भी उगाया जा सकता है। मच्छरों को घर में आने से रोकने के लिए इन्हें अपने घर के विभिन्न प्रवेश बिंदुओं पर रखें। अगर आप उन खतरनाक कीड़ों से बचना चाहते हैं तो ये आपके बगीचे के लिए भी एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं।

सिट्रोनेला घास

इस पौधे की सबसे खास खूबियों में से एक इसकी गंध है। लेमनग्रास के नाम से भी जानी जाने वाली सिट्रोनेला घास का इस्तेमाल मच्छर भगाने वाले उत्पादों में एक घटक के रूप में व्यापक रूप से किया जाता है। इसमें निकलने वाला जेरानियल और सिट्रल केमिकल मच्छरों को भगाने में सहायक होता है। इसके अलावा कीटों को भी दूर भगाने में सक्षम है। इसे घर के बाहर तेज धूप में लगाया जाता है।

कैटमिंट

कैटमिंट या कैटनीप पौधा मिंट परिवार से संबंधित है। इससे नेपेटेलेक्टोन नामक नेचुरल आयल निकलता है, जो मच्छरों को भगाने में मददगार है। एक अध्ययन में यह कीटनाशकों के मुकाबले दस गुना अधिक प्रभावी पाया गया है। इसे सिडेटिव के तौर पर भी इस्तेमाल किया जाता है। यह खासतौर पर गार्डन में लगाया जाता है, जहां सबसे ज्यादा मच्छर होते हैं।

रोजमेरी

रोजमेरी भी मच्छर भगाने वाला एक बेहतरीन पौधा है। इसका इस्तेमाल खाना बनाने में मसाले के तौर पर भी किया जाता है। इसकी हल्की लकड़ी जैसी खुशबू होती है, जिसमें से गेरानियोल, लिनालूल, सिनोल और बर्नियोल जैसे आवश्यक तेल होते हैं, जो मच्छरों और पतंगों को दूर रखते हैं। इसे गर्म जलवायु पसंद है और सर्दियों में इसे कंटेनर में रखना चाहिए।

बेजिल

बेजिल को तुलसी भी कहा जाता है। इसकी तीखी खुशबू मक्खियों और मच्छरों को दूर रखती है। इसमें एलिल, मेथॉक्सीबेंजीन, एस्ट्रैगोल आदि तत्व होते हैं, जो एक विशिष्ट प्रकार की गंध खासतौर पर शरीर पर रगड़ने से छोड़ते हैं, जो मच्छरों को दूर भगाता है। इसको नम और अच्छी जल निकासी वाली जगह और पर्याप्त धूप दें।

मोनार्डा

मोनार्डा यानि मधुमक्खी बाम पौधा मच्छर भगाने वाले पौधे के रूप में जाना जाता है। जो गेरानियोल रूपी नेचुरल गंध के कारण मच्छरों को दूर रखने में अधिक प्रभावी है। इसकी गंध मधुमक्खियों और तितलियों को जरूर आकर्षित करती है। इसकी पत्तियों से तेल निकलता है जो मच्छरों और अन्य आक्रामक कीटों को दूर रखता है।

मिंट

मिंट यानि पुदीना में बायोसाइडल प्रॉपर्टी होती है। जो मच्छरों को भगाने के बेहद काम आती है। यह अपनी तीखी सुगंध, जिसे मेंथॉल कहते हैं, के माध्यम से मच्छरों से लेकर चींटियों और मक्खियों को भी दूर भगाता है। इसे उगाना और संभालना भी बहुत आसान है।

सेज

मच्छर भगाने वाले पौधों में सेज भी बेहद खास है, जिसे जलाने पर आवश्यक तेल निकलते हैं, जो कीड़ों को दूर भगाते हैं। इसकी सूखी पत्तियों को कुचलकर बग स्प्रे बनाया जा सकता है।

लेमन थाइम

इस पौधे में तेज खट्टी गंध होती है, जो मच्छरों को दूर भगा सकती है। इस पौधे को किसी कंटेनर या बगीचे में रख सकते हैं। शक्तिशाली आवश्यक तेलों को मुक्त करने के लिए कुछ पत्तियों को त्वचा पर रगड़ें।

फ्लॉस फ्लावर

यह एक पूरे साल चलने वाला फूल वाला पौधा है। जो इंडोर या कंटेनर पौधों के लिए एकदम सही है। इसमें कूमारिन नामक रसायन की मौजूदगी कच् मच्छर भगाने वाला माना जाता है। हालांकि, अगर पालतू जानवर या इंसान इसे खा लें तो यह जहरीला साबित हो सकता है, इसलिए इसे लगाते समय बेहद सावधानी रखनी चाहिए। इसे वहां लगाएं जहां अच्छी जल निकासी और नमी वाली मिट्टी हो।

एलियम

यह बल्बनुमा पौधा एक प्रकार की सल्फर-प्याज की गंध छोड़ता है, जिससे मच्छरों को परेशानी होती है।