लखनऊ (ब्यूरो)। अयोध्या की तर्ज पर अब नगर निगम लखनऊ के एरिया भी सौर ऊर्जा से जगमग होते नजर आएंगे। दरअसल, लखनऊ नगर निगम एरिया में सोलर सिस्टम से जुड़े कई कदम उठाए जाने की तैयारी की गई है। कानपुर, मेरठ व अन्य नगर निगम भी इस योजना में शामिल किए गए हैैं। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बताया कि उप्र सौर ऊर्जा नीति-2022 के अंतर्गत अयोध्या शहर को प्रदेश का पहला सौर ऊर्जा के मॉडल सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसमें शहर के कुल विद्युत भार का 10 प्रतिशत नवीकरणीय ऊर्जा के माध्यम से पूर्ति की जाएगी। इसके साथ ही लखनऊ समेत अन्य 16 नगर निगमों में भी सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना कराई जा रही है।

10 सोलर ट्री स्थापित किए जाएंगे

जो योजना बनाई गई है, उससे साफ है कि लखनऊ नगर निगम परिक्षेत्र में 244 सोलर हाई मास्ट, 100 सोलर स्ट्रीट लाइट एवं एक किलोवाट क्षमता के 10 सोलर ट्री की स्थापना कराई जा रही है। इसके साथ ही अन्य कदम भी उठाए जाने की तैयारी हो रही है।

यहां भी उठाए गए कदम

नगर विकास मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में अयोध्या के साथ अन्य नगर निगमों में वाराणसी नगर निगम परिक्षेत्र में सोलर सिटी योजना अंतर्गत 1512 सोलर स्ट्रीट लाइट एवं 200 स्मार्ट सोलर स्ट्रीट लाइट लगाई गई हैैं। झांसी नगर निगम परिक्षेत्र में 150 सोलर स्ट्रीट लाइट, 20 स्मार्ट सोलर स्ट्रीट लाइट लगाई गई हैैं। आगरा नगर निगम परिक्षेत्र में 200 स्मार्ट सोलर स्ट्रीट लाइट, 100 सोलर हाई मास्ट एवं एक किलोवाट क्षमता के 20 सोलर ट्री की स्थापना कराई गई। वर्तमान वित्तीय वर्ष 2024-25 में वाराणसी नगर निगम परिक्षेत्र में 500 सोलर स्ट्रीट लाइट, 100 सोलर हाई मास्ट, एक किलोवाट क्षमता के 10 सोलर ट्री, चार सोलर वॉटर कियास्क एवं 200 स्मार्ट सोलर स्ट्रीट लाइट की स्थापना कराया जाना प्रस्तावित है। कानपुर नगर निगम परिक्षेत्र में 20 सोलर हैरिटेज हाई मास्ट, 310 सोलर हाई मास्ट, दो सोलर ड्रिंकिंग वॉटर किऑस्क, दो सोलर ट्री, 1000 सोलर स्ट्रीट लाइट एवं 75 किलोवाट का ऑनग्रिड सोलर पावर प्लांट की स्थापना कराया जाना प्रस्तावित है।