कानपुर (ब्यूरो) बिठूर थानाक्षेत्र के एक निजी स्कूल में 8वीं के स्टूडेंट को होमवर्क करके न ले जाने पर प्रिंसिपल ने पीट दिया। छात्र की मां और पिता, दोनों दिव्यांग हैं। इस मामले में मंधना पुलिस चौकी पर तहरीर पहुंची है। एक ऑडियो भी पुलिस को दिया गया है, जोकि प्रिंसिपल और बच्चे की मौसी की बातचीत का है। इसमें प्रिंसिपल देवेंद्र सिंह कह रहे हैं कि मेरी गलती है, 36 बार माफी मांग चुका हूं। पूरा मामला नारामऊ इलाके का है।

पिता हाथ से दिव्यांग
दरअसल, 8वीं का छात्र निजी स्कूल में पढ़ता है। उसके पिता अशोक यादव आर्य नगर की एक बेकरी शाप में सुपरवाइजऱ हैं। उनका एक हाथ नहीं है। वहीं मां प्रतिभा पैरों से दिव्यांग हैं। वह चल नहीं पाती। मां प्रतिभा ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा पढऩे में होशियार है। वह अपना होमवर्क भी पूरा रखता है। मगर 24 अक्टूबर को बेटा स्कूल में होमवर्क करके नहीं गया। ये बात प्रिंसिपल देवेंद्र सिंह के सामने आई। उन्होंने पहले डांटा, फिर बेटे को छड़ी से बेरहमी से पीटा। हाथ और पीठ पर लाल निशान आ गए। कई निशान उभर आए। बेटा घर लौटा, तब वह रो रहा था। निशान देखकर मां खुद ट्राई साइकिल पर बच्चे को लेकर दोबारा स्कूल पहुंची।

मैंने वही किया जो नियम है
मां के मुताबिक, स्कूल में प्रिंसिपल ने मुलाकात नहीं की। मैंने फोन किया, तो उन्होंने कहा स्कूल के कुछ नियम है, मैंने वहीं किया जो करना चाहिए था। इसके बाद मां बेटे को लेकर मंधना चौकी गई और वहां पर बेटे से पुलिस को तहरीर दिलवा दी।