कानपुर ( ब्यूरो)। शहर में 24 घंटे में कानपुर से निकलने वाले हाईवे पर तीन हादसे हुए। इसमें पति-पत्नी सहित पांच लोगों की मौत हो गई। गोविंद नगर निवासी वीरेंद्र सिंह गर्भवती पत्नी संगीता के साथ बाइक से बीमार साले नितिन देखने जा रहे थे। महाराजपुर में छिवली नदी के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। वीरेंद्र और संगीता बाइक से उछलकर दूर जा गिरे। इसी बीच एक ट्रक संगीता को रौंदकर निकल गया। वहीं, वीरेंद्र डिवाइडर से टकरा गया। पुलिस दोनों को अस्पताल लेकर पहुंची। डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि दो दिन बाद वीरेंद्र का जन्मदिन था।

बिधनू में दो की मौत
बिधनू के हड़हा निवासी संतोष कुमार यादव दोस्त अरुण के साथ फ्राइडे सुबह बाइक से कानपुर आ रहे थे। नौबस्ता बंबा के पास हाईवे पर खड़े ट्रक में पीछे से बाइक घुस गई। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को अस्पताल लेकर गई। डॉक्टरों ने संतोष को मृत घोषित कर दिया। वहीं कुछ देर बाद इलाज के दौरान अरुण की भी मौत हो गई।

सवारी का इंतजार
शिवराजपुर निवासी सुरेश कुमार फ्राइडे सुबह कानपुर आ रहे थे। हाईवे पर किनारे खड़े होकर सवारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल सुरेश कुमार को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। देर शाम इलाज के दौरान सुरेश ने दम तोड़ दिया।