कानपुर (ब्यूरो)। गंगा बैराज में बिजली फॉल्ट होने के कारण जल निगम और जलकल के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद हो गए। इसके चलते दोनों प्लांट से जुड़े 100 से ज्यादा मोहल्लों की वाटर सप्लाई ठप हो गई। दोपहर 12 बजे से गायब बिजली देर रात तक नहीं आई। प्लांट का संचालन करने वाले अफसरों का कहना है कि बिजली आने पर फ्राइडे शाम तक वाटर सप्लाई सामान्य हो पाएगी।

छह करोड़ लीटर की सप्लाई
बैराज स्थित जल निगम के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से छह करोड़ लीटर पानी की डेली सप्लाई की जाती है। यहां से फूलबाग, सर्वोदय नगर, रावतपुर, शास्त्रीनगर, विजय नगर, बर्रा दो से आठ, किदवईनगर, निराला नगर, उस्मानपुर, साकेत नगर, पटकापुर, कुरसवां, कमला टावर, शिवाला, सिविल लाइंस समेत 50 मुहल्लों में जलापूर्ति होती है। शाम को प्लांट नहीं चलने से पानी नहीं पहुंचा। लोगों को पानी के लिए हैंडपंप की दौड़ लगानी पड़ी। वहीं जलकल का भी प्लांट बंद रहने से मकड़ीखेड़ा, विकासनगर, शारदानगर, इंदिरा नगर, दयानंद विहार, महाबलीपुरम, मसवानपुर, पनकी, गंगागंज, रतनपुर, केशवपुरम, सत्यमविहार, अरमापुर समेत 50 मुहल्लों में जलापूर्ति प्रभावित है।

शुक्रवार शाम को संभावना
जलकल जीएम आनंद त्रिपाठी ने बताया कि थर्सडे दोपहर 12 बजे बिजली का फाल्ट होने के कारण प्लांट नहीं चल पा रहा है। शुक्रवार सुबह भी जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। शाम को पानी आने की संभावना है। ्र जल निगम के परियोजना प्रबंधक अजमल हुसैन ने बताया कि फ्राइडे शाम तक सप्लाई सामान्य हो पाएगी।