गोरखपुर: एचयूआरएल में सुरक्षा से जुड़े कार्य दिल्ली की कंपनी एट्रोनिक कराती है। कंपनी में इटावा जिले के इकदिल थाना अंतर्गत जखवली के नरेंद्र कुमार, मलखान और मेघराज काम करते हैं। शुक्रवार शाम तीनों खाद कारखाना की चहारदीवारी के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगा रहे थे। वह एल्युमीनियम की सीढ़ी लेकर पहुंचे।

सीढ़ी में उतरा करंट


बताया जा रहा है कि पोल पर कैमरे लगाने के लिए एक कर्मचारी सीढ़ी के सहारे ऊपर चढ़ा। वह कैमरा लगा ही रहा था कि करंट की चपेट में आ गया। सीढ़ी पकडऩे वाले दोनों कर्मचारी भी करंट की चपेट में आ गए। नरेंद्र कुमार और मलखान गंभीर रूप से झुलस गए, मेघराज को झटका लगा तो वह दूर जाकर गिरा। मेघराज के शोर मचाने पर एचयूआरएल के अन्य कर्मचारी पहुंचे और अफसरों को सूचना दी गई।

लगाने की अनुमति नहीं


बिजली निगम के अभियंताओं का कहना है कि 33 हजार वोल्ट की लाइन के पोल पर बिना शटडाउन लिए बिजली कर्मचारियों को भी चढऩे की इजाजत नहीं होती है। अभियंताओं का कहना है कि इस पोल पर कुछ नहीं लगाया जा सकता है। यदि खाद कारखाना को सीसीटीवी कैमरे लगाने हैं तो वह अपने पोल पर लगाएं।

घटना की जानकारी मिलते ही अफसरों को मौके पर भेजकर कर्मचारियों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। कर्मचारी अभी घटना के बारे में कुछ नहीं बता पा रहे हैं। हम उनके बेहतर उपचार की व्यवस्था कर रहे हैं। कंपनी सभी सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखकर ही कर्मचारियों से काम कराती है। घटना कैसे हुई, इसकी जांच कराई जा रही है। कंपनी सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए अपने पोल लगाती है।
आरती कोहली, ऑपरेशन हेड एट्रोनिक कंपनी