Gorakhpur News: राप्ती नदी ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है, गुरुवार को खतरे का निशान को पार करने के बाद 24 घंटे में राप्ती नदी के जलस्तर में 29 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है। सरयू, रोहिन और कुआनों नदियों का भी जलस्तर बढ़ रहा है, इससे बाढ़ का पानी गांवों में घुस गया है। बाढ़ के पानी से जिले के 24 गांव घिर गए हैं। इससे करीब 15 हजार की आबादी प्रभावित हो गई है। बाढ़ का पानी गांव में घुसने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। लोगों को गांव से बाहर निकलने के लिए नावों का सहारा लेना पड़ रहा है। साथ ही लोग रोजी-रोटी का संकट से भी जूझ रहे हैैं।

लाल निशान से 29 सेमी ऊपर बह रही राप्ती
गुरुवार को खतरे का निशान पार करने के बाद राप्ती नदी के जलस्तर में लगातर वृद्धि हो रही है। गुरुवार को राप्ती नदी बर्डघाट में खतरे के निशान 74.98 को पार कर 75.09 सेंटीमीटर पर पहुंच गई थी। वहीं, शुक्रवार की शाम चार बजे बर्डघाट में राप्ती नदी 75.27 सेंटीमीटर पर पहुंच गई थी, जो खतरे के निशान के निशान से 29 सेंटीमीटर उपर है।


रोहिन और कुआनों नदियां
राप्ती के साथ ही रोहिन और कुआनों नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी जारी है। गुरुवार की तुलना में शुक्रवार को रोहिन नदीके जलस्तर में करीब एक मीटर की वृद्धि हुई है। रोहिन खतरे के निशान से सिर्फ एक सेंटीमीटर नीचे बह रही है। सुबह तक इसके भी खतरे के निशान के पार कर जाने की उम्मीद है। कुआनों नदी का जलस्तर भी गुरुवार के मुकाबले शुक्रवार को दो सेंटीमीटर बढ़ा है। कुआनों खतरे के निशान से अभी करीब एक मीटर नीचे बह रही है। वहीं बात करें सरयू की तो सरयू नदी का जलस्तर स्थित है। अयोध्या पुल पर सरयू नदी खतरे के निशान से करीब 27 सेंटीमीटर उपर बह रही है।

24 गांव बाढ़ से प्रभावित
बाढ़ की जद में जिले के 24 गांव आ गए हैं। इन गांवों में रहने वाली 15 हजार की आबादी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लोग घरों में कैद हो गए हैं तो कुछ लोग घरों को छोड़ सुरक्षित ठिकानों की तलाश में निकल गए हैं। प्रशासन की ओर से बाढ़ से बचाव के इंतजाम किए गए हैं। गांवों में रहने वाले लोगों के आवागमन के लिए नाव की व्यवस्था की गई है। बाढ़ चौकियों को सक्रिय किया गया है।

बाढ़ के पानी से घिरे ये गांव
- बहरामपुर उत्तरी
- बहरापुर दक्षिणी
- शेरगढ़
- नरहरपुर
- सिंहोरवा सानी
- झरवा
- रोहुआ
- सेंदुली-बेंदुली
- गहिरा
- कुसम्हाकला
- ज्ञानकोल
- लखनौरी
- लखनौरा
- जैतपुर
- गोनहा
- बलथर
- बिहुआ
- कोटिया निरंजन
- बगहा कुनैला टोला
- कोलखास
- खेहियापट्टी
- हिंगुहार
- चितहरी
- कुड़ाभरथ

कमिश्नर ने किया बंधों का निरीक्षण
कमिश्नर अनिल ढींगरा ने आईजी आनंद कुलकर्णी के साथ मलौनी लहसड़ी बंधे पर सिंचाई विभाग के द्वारा कराये गए कार्यों के निरीक्षण के साथ ही बाढ़ की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मलौनी लहसड़ी बंधे के ग्राम छितोना एवं ग्राम गौरी मंगलपुर के सिंचाई विभाग के द्वारा बंधे को सुरक्षित रखने के लिए बनाए गए लॉचिंग पैड को देखा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियो को नदियों के जलस्तर बढऩे के कारण बंधे पर होने वाले कटान के दृष्टिगत लगातार निगरानी किया जाय। उन्होंने स्वास्थ विभाग के अधिकारियों को निर्देेश दिया कि एंटी वेनम, क्लोरीन की गोलियां आदि सहित आवयश्क दवाओ की समुचित उपलब्धता रखी जाए।