बरेली (ब्यूरो)। ग्रीन पार्क मेन में सीओ विजय राणा के ठेकेदार साढू आलोक तोमर ने लाइसेंसी पिस्टल से पत्नी रितु तोमर की हत्या के बाद खुद को गोली मार ली। रितु के गर्दन की ओर से गोली मारी गई, जबकि आलोक ने खुद कनपटी पर गोली मारी जो आर-पार होते हुए दीवार से जा टकराई। खोखा फर्श पर मिला। दोनों के शव के बीच बेड पर ही पिस्टल पड़ी थी। कारतूस व मोबाइल भी बेड पर ही पड़ा हुआ था। दोनों में अक्सर कहासुनी हो जाती थी, ऐसे में अंदेशा है कहासुनी के बाद ही यह घटनाक्रम हुआ।

जाली तोडक़र कुंडा खोला
बारादरी पुलिस के अनुसार, ग्रीन पार्क मेन के मकान नंबर 138 में ठेकेदार आलोक तोमर पत्नी रितु तोमर संग रहते थे। वह मूलरूप से बागपत के कासिमपुर खेड़ी के निवासी थे। शादी के 20 साल हो गए.च्बच्चे नहीं हैं। सडक़ निर्माण की ठेकेदारी के साथ आलोक को बहेड़ी के रतनपुर नौडाडी में 30 एकड़ में फार्म हाउस भी है जिसमें खेती होती है। छोटे भाई अलिकेश तोमर का परिवार आशीष रायल पार्क में रहता है। कोरोना काल में अलिकेश की मृत्यु के चलते आलोक की मां अलिकेश के परिवार संग रहने लगी। आलोक के पास भी आती-जाती रहतीं थीं। शनिवार को आलोक व रितु घर पर अकेले ही थे। रोज की तरह बर्तन साफ करने वालीं नौकरानी संध्या दोपहर एक बजे आलोक के घर पहुंची। काफी आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। बैठकर वह झाडू, पोछा करने वाली तुलसी के इंतजार में बैठ गईं। दोपहर दो बजे तुलसी आईं। काफी आवाज के बाद भी दरवाजा न खुला। तब दरवाजे की जाली तोडक़र कुंडा खोला।

बेड पर पड़े थे शव
अंदर पहुंचीं तो आलोक व रितु के खून से लथपथ शव बेड पर मिलें। नौकरानी भागते हुए कॉलोनी में ही स्थित विजय राणा के मकान नंबर-57 पर पहुंचीं। मौजूद विजय की पत्नी मधु राणा को पूरा घटनाक्रम बताया। उनके पैरों तले जमीन खिसक गईं। उन्होंने पति विजय राणा को फोन किया जिससे जानकारी पुलिस तक पहुंची। एसएसपी अनुराग आर्य बारादरी पुलिस व फोर्स संग मौके पर पहुंचे। हर परिस्थिति देखी, परिवार से बात की। फोरेंसिक टीम बुलाई गई। आलोक का शव रितु के सिरहाने पड़ा था। पिस्टल बीच में पड़ी थी। आलोक के लगी गोली आर-पार होते हुए दीवार से जा टकराई, फर्श पर खाली खोखा मिला। आलोक के बायें हाथ में एक कारतूस मिला। बेड पर एक कारतूस और पड़ा था। मोबाइल पड़ा मिला। घटनास्थल की वीडियोग्राफी हुई.कोई लेटर नहीं मिला। मोबाइल पर पैटर्न लाक थे जिसके चलते उससे भी कोई जानकारी नहीं हो सकी। दोनों के एक-एक गोली ही लगी है। कासगंज में सीओ सिटी की जिम्मेदारी देख रहे आलोक के साढू विजय राणा ने विधिक कार्रवाई के लिए पुलिस को घटनाक्रम की तहरीर दी है। लाइसेंसी पिस्टल, मोबाइल पुलिस ने कब्जे में ले लिये हैं।


फील्ड यूनिट के अनुसार पहले महिला फिर व्यक्ति की गोली लगने से मृत्यु हुई है। सभी साक्ष्यों को एकत्र किया जा रहा है। स्वजन से वार्ता कर शिकायती पत्र प्राप्त करके अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी.- अनुराग आर्य, एसएसपी