प्रयागराज ब्यूरो । एक युवती ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति को मार डाला। पति रोज शराब पीकर घर आता था। बात बात पर पत्नी को पीटना शुरू कर देता था। यह बात जब प्रेमी को पता चलती तो उसका खून खौल जाता। हत्या का अंजाम क्या होगा, ये सोचे बगैर पे्रमी और उसकी प्रेमिका ने हत्या का प्लान बना लिया। शुक्रवार रात युवक घर के बाहर चारपाई पर सोया था। रात में प्रेमी अपने साथ के साथ युवक के घर पहुंचा। वहां पर प्रेमी और प्रेमिका ने रस्सी से गला घोंटकर युवक को मार डाला। इसके बाद प्रेमी और उसका साथी युवक की बॉडी विद्यानगर कालोनी के एक खाली प्लाट में ले गया। वहां पर ईंट से सिर कूंच दिया। सुबह हत्या का हल्ला मचा तो नैनी पुलिस एक्टिव हुई। डीसीपी यमुनानगर श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने एसओजी को भी लगाया। इसके बाद दोपहर में तीनों आरोपितों को पकड़ लिया गया।
ससुराल में रहता था युवक
शाहजहां पुर के पहाड़ीपुर बिबिया थाना खुदागंज के रहने वाले हरिश्चंद की शादी नैनी डभांव की ममता से हुई थी। शादी के बाद हरिश्चंद नैनी में ही रहने लगा। हरिश्चंद यहां पर गिट्टी, बालू, मिट्टी की सप्लाई की ठेकेदारी करता था। शादी के बाद ममता के तीन बच्चे हुए। हरिश्चंद रोज रात में शराब पीकर आता था। बात बात पर वह पत्नी ममता पर हाथ छोड़ देता था। इसे लेकर ममता पति से नाराज रहती थी।
इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती
ममता की दोस्ती इंटाग्राम पर करीब तीन महीना पहले अमित से हुई। अमित नैनी थाना के नौगवां का रहने वाला है। वह अपने साथी आशीष निवासी नौगवां के साथ पानी सप्लाई का काम करता था। अमित और ममता इंस्टग्राम पर मिले। इसके बाद दोनों में मोबाइल पर बातचीत होने लगी। कुछ ही दिनों में दोनों के बीच गहरे संबंध हो गए। करीब एक महीना पहले ममता ने अपने पति की हरकत प्रेमी अमित को बताई। जिस पर अमित को बहुत गुस्सा आया। चूंकि ममता के साथ मारपीट की घटना रोजाना ही होती थी, जिस पर बातचीत के दौरान अमित ममता से गुस्सा जताता था।
एक हफ्ते पहले बनाया मर्डर का प्लान
दिन में हरिश्चंद काम के सिलसिले में घर से बाहर रहता था तो अमित ममता से मिलने उसके पास आ जाता था। या कभी कभी ममता अमित के पास चली जाती थी। करीब एक हफ्ता पहले हरश्चिंद ने ममता को बहुत मारा तो उसके शरीर पर कई जगह चोट आ गई। जिसे देखकर अमित का खून खौल गया। बात बात में ही दोनों ने हरिश्चंद को मार डालने की साजिश कर दी।
रस्सी से घोट दिया गला
शुक्रवार रात हरिश्चंद शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा। वह खाना खाकर कमरे के बाहर चारपाई पर सो गया। रात करीब 11 बजे अमित अपने साथी आशीष के साथ ममता के घर पहुंचा। हरिश्चंद गहरी नींद में सोया था। हरिश्चंद की रस्सी से गला घोटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद अमित और आशीष हरिश्चंद की बॉडी बाइक पर लादकर घर से करीब पांच सौ मीटर दूर कालोनी में एक खाली प्लॉट में ले गए। वहां पर अमित और आशीष ने हरिश्चंद की बॉडी फेंक दी। इसके बाद उसका सिर ईंट से कूंच दिया।

सुबह मचा हत्या का हल्ला
ममता और अमित ने प्लानिंग तो ठीक बनाई मगर ममता अपनी प्लानिंग में फंस गई। हुआ ये कि सुबह करीब पांच बजे उधर से गुजरे लोगों ने बॉडी देखी तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंच गई। मौका मुआयना करने के दौरान कुछ लोगों ने हरिश्चंद की पहचान कर ली। पुलिस ममता के घर पहुंच गई। पुलिस को देखकर ममता रोने लगी। उसने बताया कि रात में किसी का फोन आने पर पति हरिश्चंद घर से निकला मगर लौटा नहीं। इस पर इंस्पेक्टर यशपाल सिंह को शक हो गया।

मोबाइल चेक करने पर हुआ खुलासा
नैनी इंस्पेक्टर यशपाल सिंह ने ममता का मोबाइल चेक किया। मोबाइल से आधी रात तक एक ही नंबर पर बात हुई थी। यशपाल सिंह ने उस नंबर को नोट कर लिया। सुबह ही उस नंबर को सर्विलांश पर लगवा दिया। नंबर अमित का था। घटना वाली रात अमित और ममता की दस से ज्यादा बार बात हुई थी। यशपाल सिंह ने अमित को उठा लिया। इसके बाद अमित ने पूरी घटना का राज खोल दिया। पुलिस ने अमित के साथी आशीष और ममता को भी हिरासत में ले लिया।


विद्यानगर कालोनी में ठेकेदार हरिश्चंद की हत्या की गई। इस मामले में हरिश्चंद की पत्नी, उसके प्रेमी और साथी को पकड़ा गया है। पत्नी और प्रेमी ने मिलकर हत्या की साजिश की थी। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यशपाल सिंह, इंस्पेक्टर नैनी



11 बजे रात ठेकेदार की हत्या।
12 बजे बॉडी खाली प्लॉट में फेंका।
5 बजे सुबह पुलिस को मिली सूचना।
4 बजे तीनों आरोपित गिरफ्तार।
10 बार प्रेमी और पत्नी के बीच हुई बात।