प्रयागराज ब्यूरो । गुरुवार को प्रयागराज का अधिकतम तापमान कम रहा, बावजूद इसके प्रदेश में सबसे अधिक गर्म घोषित किया गया। रही सही कसर बुधवार देर रात हुई हल्की बारिश ने पूरी कर दी। इसकी वजह से उमस बढऩे से लोग दिनभर पसीना बहाते रहे। बावजूद इसके बाकी दिनों की अपेक्षा लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। मौसम विभाग ने अगले चार दिन तक बारिश की संभावना व्यक्त की है।

लू से दो की हो गई मौत

गुरुवार को प्रयागराज का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह से शाम तक आसमान में बादल आते जाते रहे। शाम को चार बजे के बाद मौसम अधिक सुहाना हो गया। इसके पहले तक उमस की वजह से लोगों का काफी पसीना बह गया। इसके अलावा न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रहा। जिले में लू लगने से शंकरगढ़ में दो लोगों की मौत हो गई। शंभूनाथ पांडेय और बसंत लाल प्रजापति इनका नाम था। लू लगने से दोनों वृद्ध की हालत खराब हो गई।

मानसून की आहट

जिस तरह स दो दिन से मौसम में बदलाव हुआ है, लोग मानसून की आहट कह रहे हैं। मौसम विज्ञानियों ने भी 20, 21, 22 व 24 जून को बारिश की संभावना व्यक्त की है। 25 व 26 जून को भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार को भी तापमान गुरुवार की तरह ही रहेगा। लेकिन आसमान में बादल छाए रहेगे और बारिश भी हो सकती है। तापमान में गिरावट आएगी, मगर उमस बढऩे के आसार हैं। वहीं मौसम विभाग ने बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई है। इसके अलावा इस पूरे सप्ताह गर्मी से कुछ राहत मिलने की संभावना जताई गई है।

गर्मी से कम घातक नही है उमस

डॉक्टर्स का कहना है कि धूप से अधिक घातक उमस साबित हो सकती है। इसलिए खुद के संभालकर रखना जरूरी है। शुरुआती बारिश हल्की हुई तो उमस में तेजी से बढ़ोतरी होगी। इससे अधिक पसीना निकलने से बॉडी में पानी की कमी और कमजोरी, उल्टी, दस्त, चक्कर आने की शिकायत हो सकती है। अधिक तबियत खराब होने पर अस्पताल में भर्ती होना पड़ सकता है। इस बीच गुरुवार को लू लगने से 10 मरीज अस्पताल में भर्ती हुए। जिसमें छह बेली व चार मरीज एसआरएन में भर्ती हुए। वहीं डायरिया के छह बेली, सात कॉल्विन व पांच मरीज एसआरएनस अस्पताल में भर्ती हुए हैं। सभी मरीजों का इलाज किया जा रहा है।

बारिश के लिए जलाभिषेक

नव युवक कांवरिया संघ द्वारा श्री बाबा मुकुंदेश्वर नाथ को जलाभिषेक कर अच्छे मानसून के लिए प्रार्थना की गई। मंत्र जाप कर सभी के लिए कामना की गई। नव युवक कांवरिया संघ के अध्यक्ष रिंकू सरकार, प्रधान पुजारी अवध नारायण शुक्ल, पुजारी किशान, श्रृंगार कर्ता हिमांशु वर्मा, राज तिवारी आदि मौजूद रहे।