प्रयागराज (ब्‍यूरो)। झूंसी में सोमवार रात करीब 8:15 बजे अराजकतत्वों के द्वारा महौल बिगाडऩे की कोशिश की गई। नई झूंसी बाजार में ढाल पर रामबरात में अचानक पत्थर चला दिया। पत्थर लक्ष्मण का रोल प्ले कर रहे दीपक शुक्ल की गर्दन पर जा लगा। इससे इस पूरे धार्मिक प्रोग्राम में अफरातफरी मच गई। इस हरकत से नाराज कमेटी पदाधिकारी व लोग राम बरात को रोक कर नारेबाजी करने लगे। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस नारेबाजी कर रहे नाराज लोगों से वार्ता की। अफसरों के द्वारा अराजकतत्व का पता लगाकर गिरफ्तारी का आश्वासन कमेटी के लोगों को दिया गया। जिस पर आधे घंटे बाद रामबरात आगे के लिए रवाना हुई। चर्चा का विषय बनी इस घटना को लेकर देर रात तक इलाके का माहौल गर्म रहा। वहीं शहर के चौक में रथ फंसने से राम नीचे उतर कर रोड पर बैठ गए। यह सुनते ही पहुंची कोतवाली पुलिस किसी सूरत सभी को मनाकर रथ को आगे बढ़ाया।

झूंसी थाने में दी गई तहरीर
आदर्श श्री रामलीला कमेटी झूंसी द्वारा राम मंदिर गोला बाजार से रामलीला मैदान धर्मशाला तक रामबरात निकाली जाती है। सोमवार रात आठ बजे राम मंदिर गोला बाजार से रामबरात निकली। रथ पर भगवान श्रीराम, माता सीता व लक्ष्मण सवार थे। लगभग 15 मिनट में जैसे ही रामबरात नई झूंसी बाजार की ढाल पर पहुंची पीछे से किसी ने पत्थर चला दिया। पत्थर लक्ष्मण का बने दीपक शुक्ल की गर्दन में लगते हुए सड़क पर गिर गया। यह देखकर लोग आक्रोशित हो गए और रामबरात को रोक दिए। आक्रोशित लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी। राम बारात चले पत्थर को लेकर तनाव की स्थिति बनने लगी। खबर पाकर झूंसी पुलिस पहुंची। कमेटी के पदाधिकारियों समेत स्थानीय लोगों से बातचीत की। कोषाध्यक्ष रवि अग्रवाल ने कहा कि अगर पुलिस की पर्याप्त व्यवस्था होती तो घटना न होती। साथ ही जहां घटना हुई है, वहां सूचना के बाद भी स्ट्रीट लाइटों को ठीक नहीं कराया गया। अंधेरे का ही अराजकतत्व ने फायदा उठाया। पुलिसकर्मियों ने अराजकतत्व की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, तब जाकर आक्रोशित लोग शांत हुए। रात करीब 10:30 बजे कमेटी के श्रृंगार मंत्री कृष्ण कुमार अग्रवाल व महासचिव दिनेश चंद्र यादव ने संयुक्त रूप से झूंसी पुलिस को तहरीर दी। तहरीर में बताया गया कि संप्रदाय विशेष के अराजकतत्वों ने पत्थरबाजी कर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाडऩे की कोशिश की। ऐसे में सख्त कार्रवाई की जरूरत है। थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप ङ्क्षसह का कहना है कि रामबरात में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। अराजकतत्व के बारे में पता लगाया जा रहा है। तहरीर के आधार पर मुकदमा भी दर्ज किया जा रहा है।