प्रयागराज (ब्‍यूरो)। रेलवे अपने कर्मचारियों के मनोबल बढ़ाए रखने के लिए हर संभव प्रयास करता है। इसी क्रम में हर माह रेलवे ट्रेनों की संरक्षा को लेकर अपना योगदान देने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करता है। जिसके तहत रेलवे ने जून माह के संरक्षा पुरस्कार से सात कर्मचारियों को सम्मानित किया है। वहीं, वेदप्रकाश तिवारी को जून माह का सर्वश्रेष्ठ कर्मचारी घोषित किया गया है।

महाप्रबंधक ने किया सम्मानित
महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा ने सातों कर्मचारियों को संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया है। इसमे प्रयागराज मंडल के लोकोपायलट बासुकीनाथ, सहायक लोको पायलट उपेंद्र सिंह पटेल, वरिष्ठ तकनीशियन योगेंद्र प्रजापति, झांसी मंडल खजराहा के प्वाइंटसमैन गौरव झा, आगरा मंडल घासीनगर के ट्रैक मेंटेनर रूपचंद और छलेसर के प्वाइंटस मैन नमन मौर्या शामिल हैं।

ट्रेन मैनेजर ने बचाई बजुर्ग महिला की जान
ट्रेन मैनेजर वेदप्रकाश तिवारी को सर्वश्रेष्ठ कर्मचारी का पुरस्कार एक बुजुर्ग महिला रेल यात्री की जान बचाने के लिए दिया गया है। घटना 22 मई की है। एक समर स्पेशल ट्रेन ग्वालियर स्टेशन से रवाना हुई। ट्रेन के मैनेजर वेदप्रकाश तिवारी थे। ट्रेन मैनेजर वेदप्रकाश तिवारी ने देखा कि एक बुजुर्ग महिला यात्री प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच खाली जगह में गिर रही है। इस पर तत्काल ट्रेन मैनेजर ने प्रेशर लो करके ट्रेन रोक दिया। ट्रेन मैनेजर ने सूझबूझ के साथ फौरी कार्रवाई की, जिससे महिला यात्री जान बच गई।