प्रयागराज- 11 दिन चली रेजीडेंट डॉक्टर्स की हड़ताल गुुरुवार शाम खत्म हो गई। ये घोषणा होने के बाद मरीजों ने राहत की सांस ली। शुक्रवार को एसआरएन अस्पताल की ओपीडी यथावत चलेगी। सभी जांचें और आपरेशन पहले की तरह होंगे। हालांकि गुरुवार को पूरे दिन रेजीडेंट डॉक्टर हड़ताल पर रहे। इसकी वजह से रजिस्ट्रेशन काउंटर बंद रहे और एक भी पर्चा नही बन सका। एमएलएन मेडिकल कॉलेज की प्रिंसिपल के आदेश के चलते कुछ मरीज सादे पर्चे पर जरूर देखे गए।

इनको मिली इलाज की सुविधा
गुरुवार को रजिस्ट्रेशन काउंटर बंद होने से सैकड़ों मरीज निराश होकर वापस लौट गए। जानकारी होने पर 140 मरीजों को सादे पर्चे पर डॉक्टर्स ने देखा। इसके अलावा कई मरीज पुराने पर्चे पर भी देखे गए। हड़ताल होने से पैथोलॉजी, अल्ट्रासाउंड, डिजिटल एक्सरे व सिटी स्कैन की जांच भी प्रभावित रही। जिसमें भर्ती मरीजों की प्रमुख अधीक्षक के निर्देश पर मरीजों की सभी जांचे हुई। इसके अलावा एसआरएन अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग में बनी आर्थोपेडिक, ईएनटी, गायनी व सर्जरी की ओटी खुली रही, मगर एक भी मरीज का ऑपरेशन नहीं किया गया.जिनकी सर्जरी गुरुवार को होनी थी उनको आगे की तारीख देकर टाल दिया गया।
कहां देखे गए कितने मरीज
शुक्रवार को पीएमएसएसवाई बिल्डिंग की ओपीडी में सीनियर कन्सल्टेंट अपने से समय मौजूद रहे। ऐसे में दोपहर एक बजे तक नेफ्र ोलॉजी में 66, न्यूरो सर्जरी में 39 और यूरोलॉजी में 64 मरीज देखे गए। 140 मरीजों को सादे पर्चे पर देखा गया। डॉक्टस्र ने खुद इस पर्चे पर मरीज की पूरी डिटेल फिल की। इससे मरीजों ने राहत की सांस ली। उनका कहना था कि यह व्यवस्था पहले से लागू हो जाती तो हजारों मरीजों को परेशानी का सामना नही करना पड़ता।

16 हजार से अधिक मरीज हुए वापस
11 दिन चली हड़ताल की वजह से 16 हजार से अधिक मरीज बिना इलाज वापस लौट गए। डॉक्टर्स अपनी सुरक्षा की मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे थे। उनका आक्रोश कोलकाता में महिला डॉक्टर के हुई दरिंदगी को लेकर था। माना जा रहा था कि हड़ताल अभी लंबी खिच सकती है लेकिन गुरुवार शाम रेजीडेंट डॉक्टर्स ने संगठन के केंद्रीय यूनिट के फैसले के बाद हड़ताल वापसी की घोषणा कर दी। हड़ताल के दौरान 150 से अधिक सर्जरी प्रभावित हुई और 80 फीसदी से अधिक जांच नही हुई।

शाम को हुई देश भर के रेजिडेंट डॉक्टरों की ऑनलाइन मीटिंग के बाद हम लोगों ने हड़ताल को फिलहाल वापस लेने का निर्णय लिया गया है। शुक्रवार से सभी रेजिडेंट डॉक्टर अपने कार्यों को संभालेंगे।
डॉ। सचिन कुमार, अध्यक्ष, रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन प्रयागराज