प्रयागराज ब्यूरो । श्रीपथरचट्टी रामलीला की 47वीं स्मारिका के विमोचन के अवसर पर श्री पंचायती बड़ा अखाड़ा उदासीन के मुखिया महन्त स्वामी दुर्गा दास महाराज ने कहा कि परम कृपालु हैं भगवान श्रीराम। समाज के सबसे पिछड़े वर्ग के लोगो के पाश स्वयं जाते हैं, उनपर कृपा करते है। न्यायमूर्ति राहुल चतुर्वेदी ने कहा, राम सबके हैं और सभी राम के हैं। न्यायमूर्ति क्षितिज शैलेन्द्र ने पथरचट्टी को राम की लीला, राम की कथा और राम का दल निकाल कर उन महिमामय राम की यश की पताका सतत फहराते रहने को साधुवाद कहा और सराहना की। विमोचन कार्यक्रम की अध्यक्षता पंडित मुकेश पाठक ने की।
14 वर्ष बाद मिले भाई तो आंखें छलछलाईं
14 वर्ष बाद भगवान श्रीराम अयोध्या लौटे तो उनके इंतजार में छोटे भ्राता भरत ने अगवानी की। जैसे ही दोनों मिले, एक दूसरे को सजल नेत्रों से गले लगा लिया। दोनों के बीच अप्रतिम प्रेम देखकर दर्शकों की आंखें भी भर आईं। लोकदुर्लभ दृश्य मन को आनंदित कर कर गया। फिर भरत ने लक्ष्मण को उसी भाव से गले लगाया। शत्रुघन ने सजल नेत्रों से भगवानश्री राम और लक्ष्मण के चरण स्पर्श किए। लोकनाथ के ऐतिहासिक चौराहे पर आयोजित भरत मिलाप के मंच पर श्रीपथरचट्टी रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पंडित मुकेश पाठकऔर महामंत्री विजय सिंह ने परम्परा के अनुसार पहले पूजन किया, फिर ईश्वर को दशहरा महोत्सव के निर्बाध सम्पन्न हो जाने के लिए कृतज्ञता के साथ शीश नवाया।