प्रयागराज ब्यूरो । पुरवइया लोगों के लिए राहत लेकर आई है। पुरवइया का असर प्रयागराज पहुंच गया है। और इसी के साथ सूरज को अपना तेवर नरम करना पड़ गया है। एक पखवारे से झुलसा देने वाले सूरज को पुरवइया हवाओं ने अपनी गर्मी कम करने के लिए मजबूर कर दिया है। जिसका असर रहा कि चौबीस घंटे के अंदर अधिकतम तापमान का पारा पांच डिग्री सेल्सियस नीचे गिर गया। पुरवइया का असर रहा कि मंगलवार को पारा चढ़ ही पाया। जिससे लोगों को काफी राहत पहुंची। पुरइवया ने दस्तक देकर मानूसन के आने का संकेत दे दिया है। मुमकिन है कि मानसून अपने तय समय 22 जून को प्रयाग पहुंच जाए।

रात में पहुंची पुरवइया
प्रयागराज में सोमवार रात करीब 11 बजे पुरवइया ने दस्तक दी। इसके बाद उमस भरी गर्मी से राहत मिलने लगी। सोमवार दिन में पारा 47.6 डिग्री सेल्सियस था। जिसकी वजह से सोमवार की रात भी गर्म होने को बेताब थी। मगर एन वक्त पर पुरवइया आ गई। और पारा चढऩे के बजाए थम गया। जिसका नतीजा रहा कि सोमवार को न्यूनतम पारा 32 डिग्री पर ही थम गया। पुरवइया ने पारे की गर्मी को रोक लिया, जिसका फायदा मंगलवार को लोगों को मिला।
पांच डिग्री गिर गया नीचे पारा
सोमवार को दिन में पारा 47.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मगर मंगलवार दिन में पारा पांच डिग्री नीचे गिर गया। पारा 42.6 डिग्री के ऊपर नहीं जा पाया। पुरवइया हवाओं ने अपनी ठंडक से सूरज के झुलसा देने वाले तेवर को ठंडा होने के लिए मजबूर कर दिया। जिससे लोगों को मंगलवार दिन में कई दिनों बाद राहत महसूस हुई। दिन में पछुआ हवाओं का कोई जोर नहीं चल पाया। पुरवइया हवाएं पूरी तरह से हावी रहीं। ऐसे में लोगों को लू से भी राहत मिल गई। अब माना जा रहा है कि पुरवइया हवाएं अपना असर बनाए रखेंगी। क्योंकि मानसून का भी समय नजदीक आ गया है।
22 को आ सकता है मानसून
प्रयागराज में मानसून के आने का समय तय है। अमूमन 22 जून को प्रयागराज में मानसून पहुंच जाता है। ऐसे में 17 जून की रात को पुरवइया हवाओं के आने से माना जा रहा है कि मानसून अपने समय पर आ जाएगा।


पुरवइया हवाएं अपने साथ मानूसन लाती हैं। इस बार जून के महीने में लगातार 17 दिनों तक पछुआ हवाओं ने अपना असर बनाए रखा। जिससे दिन और रात में लोगों को तपिश का शिकार होना पड़ा। लोगों को काफी दिक्कत हुई, मगर ये अच्छे मानसून का संकेत है। अब पुरवइया का असर बना रहने की उम्मीद है। इसी के साथ मानूसन भी आ जाएगा। धीरे धीरे मौसम ठीक होगा।
डा.शैलेंद्र राय, मौसम विज्ञानी


16 जून अधिकतम पारा 47.6 डिग्री
न्यूनतम पारा 35.7 डिग्री
17 जून अधिकतम पारा 47.6 डिग्री
न्यूनतम पारा 34.7 डिग्री
18 जून अधिकतम पारा 42.6 डिग्री
न्यूनतम पारा 32 डिग्री सेल्सियस


लू लगने से आठ की मौत
लू की वजह से मौतों का सिलसिला थम नहीं रहा है। सोमवार को लू लगने से आठ लोगों की मौत की घटना सामने आई है। सोमवार को आठ लोगों की बॉडी मोर्चरी लाई गई। पोस्टमार्टम के बाद जिनकी मौत का कारण लू लगना बताया गया।