प्रयागराज (ब्‍यूरो)। युवाओं में मोबाइल से सेल्फी लेने के शौक का जुनून जानलेवा साबित हो रहा है। लगातार कई ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिसमें सेल्फी के चक्कर में जान पर बन आई। कई मामलों में तो जान भी चली गई। मगर युवा अपने इस शौक के जुनून को जान की कीमत पर पूरा करने पर उतारु हैं। घटनाओं के बाद भी युवाओं की लापरवाही सामने आ रही है। मगर युवाओं को अपने इस शौक के आगे कुछ नजर नहीं आ रहा है। वह सेल्फी के शौक को पूरा करने के लिए जान गवां देने पर अमादा हैं।

1- पूरामुफ्ती थाना एरिया के मंदरी गांव का रहने वाला शाहरूख करंट लगने से झुलस गया। शाहरूख को सेल्फी लेते वक्त करंट का झटका लगा। पुलिस के मुताबिक शाहरुख अपने तीन दोस्तों के साथ दोपहर में रेलवे लाइन के पास पहुंचा। शाहरुख रेलवे लाइन के बगल लगे बिजली के खंभे पर चढ़ गया। इसके बाद वह सेल्फी लेने लगा। अचानक उसका हाथ खंभे से गुजरे तार में छू गया। शाहरुख को करंट का जोरदार झटका लगा, वह नीचे गिर पड़ा। शाहरुख झुलस गया। तात्कालीन थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने शाहरुख को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया।

2- नैनी के चकदाउद नगर का रहने वाला शुभम दो दोस्तों के साथ घूमने के लिए निकला। अरैल बांध रोड पर शुभम अपने मोबाइल से चलती बाइक पर सेल्फी बनाने लगा। सेल्फी के चक्कर में शुभम और उसके दोस्त की बाइक टकरा गई। जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने शुभम को मृत घोषित कर दिया। जबकि उसके दो दोस्तों का उपचार के लिए एडमिट कर लिया।

3- नैनी का रहने वाला एक युवक शाम के समय अरैल एरिया में यमुना घाट पर पहुंचा। युवक नाव पर चढ़कर सेल्फी लेने लगा। अचानक युवक डिसबैलेंस हो गया। युवक यमुना में गिर पड़ा। जब तक लोग उसे बचाने के लिए कोई जतन करते, युवक गहरे पानी में समा गया। दूसरे दिन उसकी बॉडी नदी से निकाली गई।
4- शिवकुटी के रहने वाले अधिवक्ता सौरभ पटेल अपनी पत्नी वर्तिका पटेल के साथ रीवा के क्योटी फॉल घूमने गए थे। पति पत्नी क्योटी फॉल के पास सेल्फी ले रहे थे। वर्तिका पोज बना रही थी तभी अचानक उसका पैर फिसल गया। वर्तिका के ठीक पीछे गहरी खाई थी। वर्तिका करीब चार सौ फीट गहरी खाई में गिर गई। उसकी मौत हो गई। पुलिस ने रेस्क्यू करके वर्तिका की बॉडी खाई से निकाली।

5- कानपुर के चकेरी का रहने वाला विजय राठौर अपनी पत्नी सोनिया राठौर के साथ संगम आया था। विजय गहरे पानी में जाकर सेल्फी ले रहा था। अचानक वह तेज धार की चपेट में आ गया। विजय डूबने लगा। जब तक लोगों की निगाह उस तरफ जाती विजय गहरे पानी में समा गया। परिवार के लोगों ने शोर मचाया तो घाट पर मौजूद गोताखोर एक्टिव हुए। मगर तब तक देर हो चुकी थी। विजय को जब निकाला गया उसकी सांस थम चुकी थी।

6- घूरपुर के दलवाबारी गांव का शिव कुमार केसरवानी रविवार सुबह अपने दोस्तों के साथ जिभिया पहाड़ी पर यमुना घाट पर पहुंचा। वहां पर कुछ लड़के पहाड़ी से यमुना में कूद रहे थे। जतिन वहां पर खड़े होकर सेल्फी लेने लगा। अचानक जतिन का पैर फिसल गया। वह पहाड़ी से नीचे जा गिरा। यह देखकर लड़कों ने शोर मचाया। मगर वहां पर कोई गोताखोर नहीं था। यमुना में इस समय पानी बढ़ा हुआ है। जतिन गहरे पानी में समा गया। सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने गोताखोर बुलाए, मगर दूसरे दिन सोमवार को भी जतिन का पता नहीं चल सका।

ये बरतें सावधानी
- सेल्फी लेते समय खुद की सुरक्षा का रखें ख्याल।
- गहरे पानी के पास न बनाएं सेल्फी।
- चलते वाहन पर सेल्फी न बनाएं।
- खाई के आसपास सेल्फी न बनाएं।
- चलती ट्रेन में सेल्फी न बनाएं।