प्रयागराज ब्यूरो । अब घर बैठे अपने हाउस टैक्स का डिजिटल पेमेंट कर सकते हैं। उपभोक्ताओं की सहूलियत को देखते हुए यह व्यवस्था दी गई है। इसे लेकर पब्लिक को नगर निगम जागरूक करेगा। मंगलवार की सुबह जागरूकता के लिए प्रभारी फेरी निकाली जाएगी। नेतृत्व नगर निगम के मुख्य कर अधिकारी पीके द्विवेदी करेंगे।

नगर निगम एरिया में करीब एक लाख 32 हजार भवन हैं। सभी भवन स्वामियों के हाउस टैक्स का बिल मई महीने में ही ऑनलाइन जारी कर दिया है। शहर के लोग अभी तक फिजिकल हाउस टैक्स दे रहे थे। समय के अभाव में कभी-कभी चाह कर भी वे समय से हाउस टैक्स नहीं जमा कर पा रहे थे। इस समस्या से लोगों को निजात दिलाने के लिए नगर निगम के द्वारा डिजिटल पेमेंट की व्यवस्था दी गई है। हालांकि इसके बारे में लोगों को जानकारी काफी कम है। जानकारी के अभाव में अब भी लोग जोनल कार्यालयों के काउंटर पर लाइन लगाए हैं। जबकि घर बैठे लोग डिजिटल पेमेंट कर सकते हैं। नगर निगम का मानना है कि इस व्यवस्था के प्रति लोगों को जानकारी काफी कम है। ऐसी स्थिति में आज यानी मंगलवार को जागरूकता के लिए सुबह सात बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी। यह प्रभात फेरी जोन तीन कटरा में कंपनी बाग गेट नंबर से शुरू होकर पत्रिका चौराहे पर पहुंच कर समाप्त होगी।