प्रयागराज (ब्‍यूरो)। हाउस टैक्स वसूली को लेकर नगर निगम के द्वारा बनाई गई कार्ययोजना में बड़े प्रतिष्ठान व अन्य व्यावसायिक भवन टारगेट पर हैं। यह व्यवस्था खासकर नगर निगम के विस्तारित एरिया में मजबूती से लागू होगी। इसके लिए विभाग के द्वारा नोडल टीम का गठन किया गया है। इस टीम के लोग प्रतिष्ठानों पर जाकर संचालकों को जागरूक करेंगे। साथ ही हाउस टैक्स वसूली भी करेंगे। इस काम की बाकायदे हर रोज मानीटरिंग की जाएगी। अधिकारियों को प्रति दिन शाम को अपनी रिपोर्ट देनी होगी। कार्ययोजना में उपभोक्ताओं की समस्या को दूर करने का भी प्लान है। विभाग का प्रयास है कि निर्धारित लक्ष्य को अचीव किया जाए, और कोई भी ऐसे भवन हाउस टैक्स के दायरे से छूटने नहीं पाएं। जिनके बिल अब तक नहीं बने हैं उन्हें बिल बनाकर तत्काल यह टीम देगी।

20 नए वार्डों को किया गया है शामिल
97 ग्राम सभाओं को मिलाकर बनाए गए हैं वार्ड
100 वार्ड कुल हैं नगर निगम में

जागरूकता संग की जाएगी जांच
सीमा विस्तार के बाद नगर निगम का दायरा काफी बढ़ गया है। विस्तार होने के पूर्व नगर निगम 80 वार्डों का था। आसपास के 97 ग्राम सभाओं को नगर निगम में शामिल कर लिया गया। इन गांवों में नए 20 वार्डों का सृजन किया गया। इस तरह वार्डों की संख्या बढ़कर अब यहां 100 हो गई है। नगर निगम में शामिल इन नए वार्डों में अब नगरीय व्यवस्थाएं धीरे-धीरे बढ़ाई जा रही हैं। विभाग के द्वारा अब इन नए विस्तारित वार्डों में बड़े प्रतिष्ठान व व्यावसायिक भवनों से हाउस टैक्स वसूली की तैयारी है। इसके लिए कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। चूंकि इस इलाके के लोग नगर निगम की व्यवस्था से अनभिज्ञ हैं। लिहाजा टैक्स वसूली अभियान के साथ लोगों को जागरूक भी किया जाएगा। उनकी समस्याओं को निस्तारित करने के लिए अलग-अलग डेट पर कैंप का भी आयोजन होगा। इसके लिए बाकायदे टीमें गठित की गई हैं। यही वह टीम है जिसके जरिए कार्ययोजना को अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।

जानिए क्या है यह कार्ययोजना
हर हफ्ते प्रत्येक सोमवार, बुधवार एवं शुक्रवार को जोन कार्यालयों में हाउस टैक्स वसूली व सम्बंधित समस्याओं को निस्तारित करने के लिए कैंप लगाए जाएंगे।
कैंप में प्राप्त शिकायतें व लोगों के द्वारा जमा किए गए हाउस टैक्स की की बाबत कैंप केबाद शाम को रिपोर्ट टीम अफसरों को देगी।
डिजिटल पेमेंट से कर भुगतान के लिए हर हफ्ते मंगलवार, गुरुवार एवं शनिवार को सुबह सात बजे से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
लोगों के जागरूकता लाने के लिए मंगलवार, गुरुवार व शनिवार को इन इलाकों में प्रभात फेरियां भी निकाली जाएंगी। इसके लिए राजस्व निरीक्षक आदिशक्ति मिश्र को नोडल बनाया गया है।
जोन के कर अधीक्षक प्रत्येक कार्यदिवस में पांच बड़े प्रतिष्ठानों व संस्थाओं से संपर्क करके वसूली की कार्यवाही पूर्ण करेंगे।
बताया गाय कि सभी जोन के गृहकर वितरण का काम शुरू है। बिल में मोबाइल नंबर दर्ज करने व कराने के निर्देश हैं।
ताकि मोबाइल दर्ज होने के सूचनाएं प्रॉपर वे में उपभोक्ताओं को मिल सके। और व्यवस्था को डिजिटाइजेशन किया जा सके।
नगर निगम के द्वारा शत प्रतिशत काम को पूरा कराने के लिए नोडल अफसर बनाए गए है। यही नोडल अफसर बड़े व प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई को अमल में लाएंगे।

कार्ययोजना को अमल में लाने के आदेश टीम को दिए जा चुके हैं। यदि किसी को कहीं दिक्कत है तो वे लगाए जाने वाले कैप में जाकर निस्तारित करा सकते हैं।
पीके द्विवेदी, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी

11 जुलाई को होगी नगर निगम सदन की बैठक
नगर निगम सदन की विशेष बैठक 11 जुलाई को सुबह 11 बजे से होगी। बैठक में नगर निगम कार्यकारिणी के छह सदस्यों का चुनाव होगा। सुबह 11 बजे से 12 बजे तक नाम प्रस्ताव,12 बजे से 12.30 बजे तक नाम वापसी, 12.30 बजे से 1.30 बजे तक मतपत्र की तैयारी और 1.30 बजे शाम पांच बजे तक मतदान होगा। मतदान के तुरंत बाद मतगणना शुरू होगी। यह जानकारी सचिव परिषद ने दी है।