प्रयागराज ब्यूरो । उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के आरओ, एआरओ पेपर लीक प्रकरण में एसटीएफ को एक और सफलता मिली है। पेपर लीक प्रकरण के मोस्ट वांटेड मास्टर माइंड को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी के बाद पता चला है कि पेपर भोपाल के प्रिंटिंग प्रेस से भी लीक हुआ था। इस पेपर को वहां से लीक कराने में मदद करने वाले कर्मचारी समेत छह मेंबर को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। सभी की गिरफ्तारी एसटीएफ ने परेड मैदान से दिखाई है। पेपर लीक गैंग के गिरफ्तार मेंबरों को कीडगंज थाने में दाखिल किया गया है। एसटीएफ सभी से पूछताछ में लगी हुई है।
आरओ, एआरओ पेपर लीक मामला
भोपाल के प्रिंटिंग प्रेस से भी लीक हुआ था पेपर
एसटीएफ ने पेपर लीक गैंग के छह मेंबर को पकड़ा
मास्टर माइंड सुभाष प्रकाश भी गिरफ्तार
एसटीएफ को लंबे समय से पेपर लीक प्रकरण में मधुबनी बिहार के सुभाष प्रकाश की तलाश थी। सुभाष प्रकाश ही है, जिसने भोपाल प्रिंटिंग प्रेस से पेपर लीक करने का जुगाड़ किया। इसके बाद राजीव नयन ने पेपर को बेंचा। एसटीएफ ने रविवार को सुभाष प्रकाश को भी पकड़ लिया। सुभाष प्रकाश अपने सभी साथियों के साथ परेड मैदान में था। हालांकि सुभाष प्रकाश अपने साथियों के साथ परेड मैदान क्यों आया, इसका उत्तर आना अभी बाकी है।

ऐसे बुना गया पेपर लीक का ताना बाना
सुभाष प्रकाश भोपाल से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। भोपाल में ही उसकी दोस्ती राजीव नयन से हुई। राजीव नयन इंजीनियरिंग कालेज में एडमीशन का काम करता था। यहां से शुरू हुई दोनों की जुगलबंदी ने मामला पेपर लीक कराने तक पहुंचा दिया। सुभाष प्रकाश ने भोपाल के प्रिंटिंग प्रेस में काम करने वाले इंजीनियर सुनील रघुवंशी से दोस्ती बनाई। इसी प्रेस में अक्सर प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर छपाई का काम आता था। सुनील रघुवंशी के जरिए सुभाष प्रकाश ने आरओ, एआरओ का पेपर हासिल किया। सुभाष प्रकाश ने पेपर को राजीव नयन को मुहैया कराया। सभी की गिरफ्तारी एसटीएफ लखनऊ के इंस्पेक्टर अमित श्रीवास्तव ने अपनी टीम के साथ की है। पकड़े गए मेंबरों के पास से एक लैपटॉप, छह मोबाइल, पांच ब्लैंक चेक बरामद किया गया है।

एसटीएफ ने इन्हें किया गिरफ्तार
- सुनील रघुवंशी, निवासी आनंद नगर, अमझीरा बिलखिरिया भोपाल, सुनील प्रिंटिंग प्रेस में कर्मचारी है।
- सुभाष प्रकाश, निवासी बैरा, जयनगर, मधुबनी बिहार
- अमरजीत शर्मा, फतेहपुर, जिला गया, बिहार
- विशाल दुबे ऊँचडीह मेजा, प्रयागराज
- संदीप पांडेय, पनासा, करछना, प्रयागराज
- विवेक उपाध्याय, सोनबरसा, बैरिया, बलिया