प्रयागराज ब्यूरो । कर्नलगंज के काटजूबाग कालोनी में खुद को गोली मारने वाले युवक को लखनऊ रेफर कर दिया गया है। युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। युवक को परिजनों ने लखनऊ के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां पर उसका उपचार चल रहा है। घटना से परिजनों का हाल बेहाल है। पुलिस के मुताबिक मामला घरेलू कलह का है।
ये है मामला
काटजू बाग कालोनी के रहने वाले सतीश चंद्र तिवारी पेशे से अधिवक्ता हैं। मंगलवार दोपहर में सतीश के छोटे बेटे अंबरीश तिवारी ने आत्महत्या का प्रयास किया। उसने तमंचा से अपनी छाती पर गोली मार ली। गोली के छररे छाती पर बाईं ओर लगे। वह खून से लथपथ अपने कमरे में पड़ा था। गोली चलने की आवाज सुनकर दूसरी मंजिल पर रहे उसके परिजन आए तो अंबरीश तड़प रहा था। आननफानन में उसे एसआरएन अस्पताल ले जाया गया। करीब चार बजे उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। रात में करीब ढाई बजे एसआरएन के डाक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। परिजन एम्बुलेंस से उसे लखनऊ ले गए। कर्नलगंज थाना प्रभारी प्रदीप सिंह के मुताबिक युवक को लखनऊ के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूछताछ में घरेलू कलह की बात सामने आई है।