प्रयागराज (ब्‍यूरो)। Prayagraj Crime News: राम आसरे सिद्धि प्राप्त करना चाहता था। राम आसरे बड़ा बाबा बनना चाहता था। राम आसरे दरबार चलाना चाहता था। मगर उसकी पत्नी रोड़ा बन जा रही थी। रामआसरे जब पूजा करने बैठता तो पत्नी विरोध शुरू कर देती। जिसका नतीजा हुआ कि पति पत्नी के बीच आए दिन झगड़ा शुरू हो गया। घर की शांति भंग हो गई। रामआसरे रोज रोज की किचकिच से तंग आ गया। आखिरकार सिद्धि में रोड़ा बन रही पत्नी को रामआसरे ने मार डाला। घटना झूंसी एरिया के भदकार कछार की है। पत्नी की हत्या के बाद पति लगातार मौके पर बना भी रहा। महिला के बेटे ने अज्ञात में केस दर्ज करा दिया। पुलिस को इस केस को सुलझाने में सात महीने लग गए। आखिरकार पुलिस को कामयाबी मिली और पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के सामने पति ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पति को पुलिस ने जेल भेज दिया है।

दस साल पहले लगा था चस्का
झूंसी के भदकार गांव के रहने वाले राम आसरे निषाद को करीब दस साल पहले सिद्धि का चस्का लग गया। रामआसरे बड़ा बाबा बनने के चक्कर में घर परिवार की जिम्मेदारी छोड़कर तंत्र मंत्र की साधना करने लगा। कुछ समय बीतने के बाद रामआसरे के पास झाड़ फूंक के लिए लोग आने लगे। कुछ लोग आराम बताते तो कुछ लोग फायदा न होने की बात कहकर रामआसरे से झगड़ा करते। धीरे धीरे गांव में यह बात फैल गई कि रामआसरे तांत्रिक हो गया है।

गांव, परिवार ने बनाई दूरी
रामआसरे रोज सुबह भोर में उठ जाता। फिर आधा दिन तक पूजा करता रहता। इस बीच कोई आ जाता तो रामआसरे उसे झाड़ फूंक देता। कहता कि जाओ आराम हो जाएगा। रामआसरे की इस हरकत से उसके परिवार ने दूरी बनानी शुरू कर दी। भाई पट्टीदार का उसके घर आना जाना बंद हो गया। धीरे धीरे गांव के लोगों से भी संबंध खराब होने लगे। जिस पर रामआसरे से उसकी पत्नी बिटोला को चिढ़ होने लगी। बिटोला ने रामआसरे की पूजा साधना का विरोध करना शुरू कर दिया। जिसको लेकर पति पत्नी के बीच आए दिन झगड़ा होने लगी। दोनों के बीच झगड़ा इस कदर बढ़ा कि गांव वालों को भी उनके रिश्ते खराब होने की खबर हो गई।

कछार में कर दी हत्या
राम आसरे पत्नी के साथ आए दिन होने वाले किचकिच से परेशान हो गया था। दोनों कछार में थे। इस दौरान फिर से दोनों के बीच झगड़ा हो गया। पत्नी ने रामआसरे को ताना मार दिया, जिस पर रामआसरे का खून खौल गया। उसने लकड़ी काटने वाले औजार से पत्नी बिटोला पर वार कर दिया। बिटोला लहूलुहान होकर गिर पड़ी। शाम ढल चुकी थी। रामआसरे के सिर पर खून सवार हो चुका था। उसने धारदार हथियार से पत्नी का पेट फाड़ डाला। बिटोला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

बेटे साथ तलाशने गया पत्नी को
बेहद शातिर रामआसरे घर लौटा। घर में मौजूद बेटे भारत निषाद ने मां के बारे में पूछा। रामआसरे ने जानकारी से इंकार कर दिया। इस पर रामआसरे और उसका बेटा भारत दोनों कछार में बिटोला को खोजने गए। आधी रात तक दोनों बिटोला को खोजते रहे, मगर वह नहीं मिली। इस पर दोनों लौट आए। सुबह तड़के फिर से दोनों बिटोला को खोजने गए। कछार में खोजने के दौरान बिटोला की बॉडी मिल गई। बेटे भारत ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर बॉडी को कब्जे में ले लिया। बेटे की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया।

पति को किया गिरफ्तार
घटना का खुलासा करने के लिए झूंसी पुलिस लगातार प्रयास करती रही। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि बिटोला की हत्या में उसके पति का हाथ है। जिस पर झूंसी थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने दारोगा नवनीत कुमार, सिपाही धनंजय राय, पंकज कुमार, धनंजय सिंह की टीम के साथ रामआसरे निषाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने रामआसरे की गिरफ्तारी नीबी कला गांव के पास से की है। पूछताछ में रामआसरे ने घटना कबूल कर लिया। जिस पर पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।

रामआसरे निषाद और उसकी पत्नी के बीच तंत्र मंत्र साधना को लेकर झगड़ा होता था। पत्नी उसका विरोध करती थी। जिस पर कछार में रामआसरे ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से पेट फाड़कर हत्या कर दी। आरोपित को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है।
- उपेंद्र प्रताप सिंह, थाना प्रभारी झूंसी