प्रयागराज (ब्‍यूरो)। संजय कुशवाहा और कामेश्वर जब राजीव नयन के सम्पर्क में आए तो फिर लाखों छोड़ करोड़ों का सपना देखने लगे। राजीव नयन ने दोनों को रातों रात करोड़ पति बनने का ऐसा सब्जबाग दिखाया कि दोनों अपना काम धंधा छोड़कर चौबीस घंटा केवल कंडीडेट्स की तलाश में लग गए। दोनों अपने काम में काफी हद तक सफल भी हो गए। ये तो पुलिस भर्ती का पेपर लीक होने का हल्ला मच गया, वरना दोनों ने करोड़ों का वारा न्यारा कर दिया था।

उतरांव का रहने वाला संजय कुशवाहा प्राइमरी में मास्टर है। उसकी पोस्टिंग कौशांबी में है। जबकि नैनी का कामेश्वर प्रापर्टी डीलिंग का काम करता था। कामेश्वर के धंधे में संजय कुशवाहा पैसा लगाता था। दोनों ने प्रापर्टी डीलिंग के दौरान जमकर पैसा कमाया। करीब तीन साल पहले कामेश्वर राजीव नयन के सम्पर्क में आया। जब राजीव ने अपना भरोसा कामेश्वर पर जमा लिया तो उसने अपना राज खोला। कामेश्वर बड़ा आदमी बनना चाहता था। जब उसे पता चला कि राजीव पेपर लीक कराता है तो फिर उसने यह बात अपने पक्के साथी संजय कुशवाहा को भी बताई। दोनों राजीव के सम्पर्क में रहने लगे। काफी दिनों बाद पुलिस भर्ती परीक्षा आई तो दोनों ने मिलकर कंडीडेट्स को सेट करना शुरू कर दिया।