प्रयागराज ब्यूरो । बिजली विभाग के जेई के साथ मारपीट की गई। जान से मारने की धमकी दी गई। जेई को बंधक बना लिया गया। जेई टीम के साथ बिजली का मीटर बदलने पहुंचे थे। तभी घटना हुई। जेई के साथ मारपीट की घटना से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों की सूचना पर अफसर एक्टिव हुए। पुलिस को सूचना दी गई, पुलिस ने पहुंचकर जेई को छुड़ाया। घटना से बिजली कर्मियों में आक्रोश फैल गया। जेई ने उपभोक्ता के खिलाफ जार्जटाउन थाने में केस दर्ज कराया है।

ये है मामला
सीवाई चिंतामणि रोड पर रहने वाले अजय सिंह के घर का बिजली का मीटर बदला जाना था। बिजली विभाग के कर्मचारी लाइन मैन रामऔतार, शोभनाथ, मनोज, शनि, पवन समेत कई कर्मचारी नया मीटर लगाने पहुंचे। गार्ड ने बताया कि अभी मालिक नहीं हैं। इस पर कर्मचारियों ने जेई अमरदीप मौर्या को सूचना दी। जेई अमरदीप मौर्या ने अजय सिंह से मोबाइल पर बात की। इसके बाद जेई अजय सिंह के घर पहुंच गए। कुछ देर बाद अजय सिंह भी आ गए। जेई कर्मचारियों के साथ गेट पर खड़े थे। तभी जेई अमरदीप को अजय सिंह ने खींचकर गेट के अंदर कर लिया। इसके बाद गेट बंद कर लिया गया। जेई अमरदीप को मारापीट कर जान से मारने की धमकी दी। गाली गलौच और जेई के चिल्लाने से बाहर खड़े कर्मचारी सकते में आ गए। कर्मचारियों ने मेडिकल चौराहा उपकेंद्र पर सूचना दी तो वहां से तमाम कर्मचारी आ गए। इसके बाद एसडीओ, एक्शियन और चीफ इंजीनियर को सूचना दी गई। जेई को बंधक बनाए जाने की खबर से अफसरों में हड़कंप मच गया।

पुलिस ने जेई को छुड़ाया
बिजली विभाग के अफसरों ने जार्जटाउन थाने की पुलिस को सूचना दी। सूचना पर तुरंत पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने जेई अमरदीप को छुड़ाया। घटना से कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया। हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस ने किसी तरह मामला संभाला।

जेई ने दर्ज कराया केस
जेई अमरदीप ने जार्जटाउन थाने में अजय सिंह के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर के मुताबिक जार्जटाउन पुलिस ने अजय सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
कोट
बिजली विभाग की टीम अजय सिंह के घर मीटर बदलने गई थी। वहां पर अजय सिंह ने मुझे मारापीटा, बंधक बना लिया। जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आकर मुझे छुड़ाया।
अमरदीप मौर्या, जेई बिजली विभाग