प्रयागराज (ब्‍यूरो)। जिसका इंतजार था वह मंतव्य शुक्रवार को कई सालों बाद पूरा हो गया। सलोरी ओवर ब्रिज चालू होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है। करोड़ों की लागत का यह ब्रिज 2021 से निर्माणाधीन था और इसके शुरू होने के बाद रोजाना लाखों लोगों को जाम और धूल में धक्के खाने निजात मिलेगी। लोग घंटों का सफर मिनटों में तय करके अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

मजार तिराहा से बड़ा बघाड़ा
750 मीटर लंबा यह आरओबी 80 करोड़ की लागत से बनकर तैयार हुआ है। इस पर आवागमन शुक्रवार के शहर उत्तरी विधायक हर्ष वद्र्धन बाजपेई द्वारा पूजन करने के बाद शुरू हुआ। इस ब्रिज की शुरुआत मजार तिराहा से होती है और यह बड़ा बघाड़ा पर जाकर समाप्त हो जाता है। इस ब्रिज के बनने से रोजाना लाखों लोगों को लंबा सफर तय करने से निजात मिल जाएगी। इस दौरान उनको जाम के साथ धूल से भी दो चार होना पड़ता था। ब्रिज चालू होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है।

बाद में पीएम करेंगे उदघाटन
आम जन की समस्या को देखते हुए फिलहाल आरओबी को चालू करा दिया गया है। जल्द ही इसका उदघाटन पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा। बता दें कि सलोरी आरओबी का निर्माण वर्ष 2021 में शुरू हुआ। जमीनी विवाद के चलते कुछ महीनों तक काम प्रभावित रहा। जमीनी विवाद सुलझने के बाद नवंबर 2022 में सेतु निगम ने दोबारा निर्माण शुरू किया। इसके बनने से सलोरी, ओम गायत्री नगर,गल्ला बाजार, ऊंटखाना, शुतुरखाना,छोटा बघाड़ा, बड़ा बघाड़ा आदि क्षेत्र के लोगों को जाम से छुटकारा मिला है।

महाकुंभ में निभाएगा अहम भूमिका
जनवरी से महाकुंभ की शुरुआत होने जा रही है। इस मेले में लाखों लोग गंगा पार से मेले में जाते हैं। आरओबी के बनने से इन श्रद्धालुओं की राह अधिक आसान हो जाएगी। उन्हें संगम जाने के लिए कई किमी नही चलना होगा। वह पुल के सहारे जल्दी अपना सफर तय कर सकेंगे। सेतु निगम के मुख्य परियोजना प्रबंधक मनोज अग्रवाल ने बताया कि इस पुल पर सड़क के पक्कीकरण का काम भी जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। सलोरी आरओबी में साउंड बैरियर लगाया जाएगा। इसके लगने से वाहनों की आवाज बाहर नहीं जाएगी। यह काम जल्द पूरा किया जाएगा। इसके बाद यह जिले का दूसरा साउंड प्रूफ पुल बन जाएगा।