प्रयागराज (ब्यूरो)गुरुवार को अल्लापुर में धइकार बस्ती में हैंडग्रेनेड मिलने से हड़कंप मच गया। हैंडग्रेनेड मजदूरों को मिला। मजदूर उसे अपने साथ उठा लाए। आननफानन में जार्जटाउन थाने की पूरी फोर्स मौके पर पहुंच गई। बम स्क्वायड को भी बुला लिया गया। धइकार बस्ती को सील कर दिया गया। तीन मकानों को खाली करा लिया गया। इसके बाद हैंडग्रेनेड को बम स्क्वायड ने कब्जे में लिया। बम स्क्वायड ने हैंडग्रेनेड की पड़ताल शुरू कर दी है।

चल रहा है नाला खोदाई का काम
प्रयागराज संगम जंक्शन के पास नाला खोदाई का काम चल रहा है। अल्लापुर हैजा अस्पताल के पास धइकार बस्ती में रहने वाले मजदूर नाला खोदाई के काम में लगे हैं। गुरुवार को करीब ग्यारह बजे नाला खोदाई से निकली मिट्टी में एक हैंडग्रेनेड मिल गया। एक मजदूर चंदन कुमार ने उसे अपने पास रख लिया। दोपहर में खाने की छुट्टी के दौरान मजदूर अपने घर चले आए। मजदूर चंदन कुमार अपने साथ हैंडग्रेनेड घर ले आया। उसने कई लोगों को हैंडग्रेनेड दिखाया इसके बाद वह भी अपने घर चला गया। जिन लोगों ने हैंडग्रेनेड देखा उन लोगों ने आपस में बाचीत शुरू कर दी। धीरे धीरे मामला फैल गया।

पुलिस के फूले हाथ पांव
करीब तीन बजे जार्जटाउन थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव को हैंडग्रेनेड मिलने की सूचना मिली। पता चला कि हैंडग्रेनेड धइकार बस्ती में मजदूर चंदन कुमार के पास है। थाना प्रभारी ने थाने के सभी सिपाहियों और दारोगा को धइकार बस्ती पहुंचने का निर्देश दिया। साढ़े तीन बजे धइकार बस्ती में फोर्स इक_ा होने लगी। भारी संख्या में फोर्स देखकर चर्चा शुुरु हो गई। हैंडग्रेनेड की जानकारी मिलने से लोगों के होश उड़ गए।

धइकार बस्ती को किया सील
सवा चार बजे के करीब बम स्क्वायड पहुंच गया। बम स्क्वायड ने धइकार बस्ती को सील कर दिया। तीन मकानों को खाली करा दिया। मजदूर चंदन के मकान से हैंडग्रेनेड मिला। बम स्क्वायड ने उसे अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने चंदन कुमार को हिरासत में ले लिया। पुलिस उसे थाने ले आई। पूछताछ में उसने बताया कि उसे हैंडग्रेनेड नाला खोदाई से निकली मिट्टी के ढेर में मिला। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे छोड़ दिया। बम स्क्वायड ने हैंडग्रेनेड को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने परेडग्राउंड में जेसीबी बुलाकर गड्ढा खोदवाया। करीब सात फीट गहरे गड्ढे में हैंडग्रेनेड को दबा दिया गया।

प्रयागराज संगम जंक्शन के पास नाला खोदाई के दौरान एक मजदूर को हैंडग्रेनेड मिला। बम डिस्पोजल स्क्वायड ने उसे अपने कब्जे में ले लिया। हैंडग्रेनेड निष्प्रयोज्य था। उसे परेड ग्राउंड में डिस्पोज ऑफ किया गया है।
राजीव श्रीवास्तव, थाना प्रभारी जार्जटाउन


सेना ने दबाया होगा हैंडग्रेनेड
पुलिस के मुताबिक ये हैंडग्रेनेड सेना का है। सेना अक्सर निष्प्रयोज्य हैंडग्रेनेड गहरा गड्ढा खोदकर उसमें दबा देती है। चूंकि पूर्व में यह एरिया सेना का रहा है। ऐसे में मुमकिन है कि सेना ने निष्प्रयोज्य हैंडग्रेनेड जमीन में गड्ढा खोदकर दबाया हो। नाले की गहरी खोदाई के दौरान मजदूर को हैंंडग्रेनेड मिला।