प्रयागराज (ब्‍यूरो)। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शहर में जगह जगह तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने एक स्थान पर खुद इसे लीड किया तो डीएम ने कलेक्ट्रेट कर्मचारियों की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। तिरंगा यात्रा में तमाम वाहन भी शामिल रहे। इसके अलावा भी शहर में कई कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

मुक्त विवि ने निकाली रैली
उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के समाज विज्ञान विद्या शाखा के तत्वावधान में बुधवार को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर विभाजन विभीषिका से संबंधित अभिलेख पुस्तक प्रदर्शनी एवं डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने कहा कि आज हमें यह प्रण लेना चाहिए कि हम अपने अंदर नफरत का भाव नहीं रखेंगे। इससे पूर्व मानविकी विद्या शाखा के तत्वावधान में विवि परिसर में तिरंगा यात्रा रैली निकाली गई। जिसका नेतृत्व कुलपति प्रोफेसर सत्यकाम ने किया।

यात्रा निकालकर किया जाएगा माल्यार्पण
ज्ञान गुण सागर वाहिनी के प्रकल्प, चित्रांश वाहिनी एवं रोटरी क्लब प्लैटिनम द्वारा एवं वाहिनी के अध्यक्ष कुश श्रीवास्तव के नेतृत्व में तिरंगा बाइक यात्रा पंडित मुल्ला कंपाउंड स्टेनली रोड से निकाली जाएगी। यात्रा में सैकड़ो की संख्या में लोग दो और चौपहिया वाहनों के साथ भारत माता की जय के उद्घोष के साथ नगर के महत्वपूर्ण मार्गों से होते हुए चंद्रशेखर आजाद स्मारक पर पहुुचेंगे, जहां चंद्रशेखर आजाद की मूर्ति पर माल्यार्पण किया जाएगा।

पुरानी पेंशन बहाली का लिया संकल्प
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जनपद अध्यक्ष राग विराग एवं मंत्री विनोद कुमार पांडे के नेतृत्व में जिला पंचायत से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। परिषद के बैनर तले चिट फंड के सहायक रजिस्टार कौशलेंद्र सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली का संकल्प लिया। मंडल अध्यक्ष श्याम सूरत पांडे, उप मंत्री शुभम त्रिपाठी, राजेश मिश्रा, ओ पी सिंह, संरक्षक कमल कुमार त्रिपाठी, मंत्री सुनील सिंह,अध्यक्ष राम सुमेर, मंत्री ध्रुव नारायण, रमेश मणि त्रिपाठी, अभिषेक पांडे, सचिन, सौरभ ने संबोधित किया।

मंत्री नंदी ने स्वतंत्रता दिवस की दी शुभकामनाएं
उप्र सरकार के कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर समस्त देश एवं उप्र वासियों को स्वत्रंता दिवस की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि अनगिनत बलिदानों और सदियों के संघर्ष के बाद हमें आजादी का सूरज देखने को मिला। हमारे पूर्वजों ने इस दिन के लिए अमानवीय यातनायें सही, हसते हसते फांसी के फन्दों को चूमा। आज उन बलिदानी महापुरुषों को सच्ची श्रद्धांजलि देने और नमन करने का दिन है। कहाकि पीएम नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में पूर्वजों द्वारा लिए गए संकल्प पूरे हो रहे हैं। प्रधानमंत्री ने आजादी के सौ साल पूरा होने पर विजन-2047 के अन्तर्गत देश को विकसित राष्ट्र बनाने का संकलप लिया है।

झंडा फहराने को किया प्रेरित
आर्य कन्या महाविद्यालय में बुधवार को एनएसएस के अंतर्गत हर घर तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। अध्यक्ष शासी निकाय पंकज जयसवाल ने तिरंगे के इतिहास पर प्रकाश डाला तथा स्वयं सेविकाओं को अपने घर झंडा फहराने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्या प्रोफेसर अर्चना पाठक ने स्वयंसेवकों को झंडा के महत्व के विषय में परिचित कराया तथा स्वयं सेविकाओं का उत्साह वर्धन किया। कार्यक्रम में आर्य कन्या समूह की सलाहकार डॉ ममता गुप्ता, उप प्राचार्य प्रोफेसर इभा सिरोठिया सहित पांचो यूनिट की कार्यक्रम अधिकारियों डॉ रंजना त्रिपाठी (प्रभारी), डॉ मुदिता तिवारी, डॉ अर्चना सिंह, डॉ अनुपमा सिंह, डॉ भारती के निर्देशन में स्वयं सेविकाओं ने रैली में सक्रिय सहभागिता की।