प्रयागराज (ब्‍यूरो)। पुलिस के भरोसे मत रहिए, घर को अकेला छोड़कर बाहर जाइए तो फिर सुरक्षा का इंतजाम बनाकर जाइए। वरना लुट जाने में देर नहीं लगेगी। क्योंकि पुलिस चोरों पर नकेल कस नहीं पा रही है। चोर कहीं भी हाथ मार दे रहे हैं। चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम देकर लोगों का चैन छीन लिया है, मगर इसका कोई फर्क पुलिस पर नहीं कि चोर खून पसीने की कमाई को उड़ा दे रहे हैं। हाल फिलहाल चोरी की कई ऐसी वारदात हुई, जिसका खुलासा पुलिस नहीं कर सकी है। चोरों के हौंसले बुलंद हैं।

तीस लाख के गहने उड़ाए
जल निगम में ठेकेदार उदय प्रकाश सिंह स्टेनली रोड पर रहते हैं। साथ में परिवार भी रहता है। 26 जून को उदय प्रकाश सुबह 11 बजे अपने काम से घर से निकले। दोपहर में पत्नी अमृता सिंह और बच्चे उदय के मित्र प्रशांत सिंह के घर चले गए। प्रशांत सीएमओ आफिस के पास रहते हैं। करीब चार बजे सभी वापस लौटे तो घर का हाल देखकर माथा पीट बैठे। घर के अंदर बेडरूम में आलमारी का लॉकर टूटा था। बेड के अंदर रखा सामान बिखरा था। ताला तोड़कर घर में घुसे चोर पचास हजार नकद के अलावा करीब तीस लाख रुपये का गहना लेकर भाग चुके थे। ठेकेदार उदयप्रकाश ने शिवकुटी थाने में केस दर्ज कराया है।

लाखों का सामान गायब
डा.जय कौशल मेंहदौरी कालोनी में किराए के मकान में रहते हैं। डा.जय 23 जून को रायबरेली अपने घर गए थे। वह 25 जून को वापस लौटे। घर में गैलरी और कमरे के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। यह देख डा.जय के होश उड़ गए। कमरे में रखा साठ हजार नकद, करीब ढाई लाख रुपये का गहना गायब था। डा.जय ने शिवकुटी थाने में केस दर्ज कराया है।

पांच लाख का माल उड़ाया
नितिनरामराज दुबे चकदादनपुर झलवा में रहते हैं। वह अपने परिवार के साथ बाहर गए थे। घर पर ताला बंद था। सात अप्रैल की रात को चोरों ने नितिन के घर का ताला तोड़ दिया। चोर घर से सत्तर हजार नकद के अलावा करीब पांच लाख रुपये का गहना उठा ले गए। नितिन घर लौटे तो ताला टूटा देख सन्न रह गए। नितिन ने धूमनगंज थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

परिवार को पता ही नहीं चला
एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के पीपलगांव के रहने वाले अंशुमान मौर्य अपने घर का निर्माण करा रहे हैं। 20 जून की रात वह अपने परिवार के साथ निर्माणाधीन मकान में सो रहे थे। रात में घर के अंदर घुसे चोर बक्शे का ताला तोड़कर एक लाख बीस हजार रुपये नकद और करीब पांच लाख रुपये के गहने उठा ले गए। सुबह अंशु मान उठे तो बक्शे का ताला टूटा देख कर हैरान रह गए। अंशुमान ने एयरपोर्ट थाने में केस दर्ज कराया है।

केवल ताला न बंद करें
- घर को अकेला केवल ताला बंद करके न छोड़ें।
- कई दिनों के लिए बाहर जाएं तो प्राइवेट गार्ड की व्यवस्था करें।
- पड़ोसियों को घर की सुरक्षा के लिए कहकर जाएं।
- किसी परिचित या रिश्तेदार को घर में रहने के लिए कह कर जाएं।
- कोई इंतजाम न हो तो घर में नकदी और गहने न रखें।