प्रयागराज (ब्‍यूरो)। जैसा शक था, वैसा ही हुआ। बारिश कम होते ही और बाढ़ के लौटने के बाद डेंगू ने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। शनिवार को पांच नए मरीज सामने आने के साथ ही डेंगू ने इस सीजन में अपना पचासा पूरा कर लिया है। जिले में वर्तमान में डेंगू के कुल 54 मरीज हो गए हैं। इनमें से अधिकतर शहरी एरिया के हैं। उधर कछारी एरिया में नदियों का पानी लौटने के बाद गंदगी की वजह से मच्छरों की भरमार होती जा रही है। इससे स्थानीय लोग परेशान हो गए हैं।

कहां कहां मिले हैं मरीज
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को डेंगू के चार और शनिवार को पांच नए मरीज सामने आए। जिन पांच लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई वह सलोरी, शांतिपुरम, खेलगांव, बहरिया और भगवतपुर के रहने वाले हैं। वर्तमान में सरकारी अस्पतालों में पांच मरीज भर्ती हैं और आठ का उपचार उनके घर में रहते हो रहा है। बाकी मरीज ठीक हो चुके हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में भले ही डेंगू 54 मरीज हों लेकिन असलियत में डेंगू के लक्षण वाले मरीजों की संख्या कही ज्यादा है। सभी की जांच कराई जाए तो तस्वीर कुछ और हो सकती है।

खुद से भी ठीक हो रही बीमारी
डॉक्टर्स की माने तो डेंगू सभी के लिए घातक नही है। बहुत से मरीज अपने आप ठीक हो रहे हैं। लेकिन जिनका शरीर कमजोर है और पोषण भरपूर नही मिल रहा है, उनको वायरस चपेट में आसानी से ले रहा है। इसलिए इस सीजन में लोगों को अधिक से अधिक विटामिन सी का सेवन कर अपनी प्रतिरोधक क्षमता को मजबूर रखना चाहिए। लिक्विड चीजों पर अधिक आश्रित होना उचित है।

हमारी ओर से 60 टीमों को लगाया गया है जो घर घर जाकर डेंगू के लार्वा का पता लगाकर उन्हें नष्ट कर रही हैं। साथ ही जहां मरीज मिल रहे हैं वहां पर दवा का छिड़काव कराया जा रहा है।
आनंद कुमार ङ्क्षसह, जिला मलेरिया अधिकारी