प्रयागराज (ब्यूरो)छोटा बघाड़ा के रहने वाले विनय कुमार को एसडीएम आफिस में मारापीटा गया। उसे जान से मारने की धमकी दी गई। विनय को भू माफिया मकान नहीं बनाने दे रहे हैं। वह एसडीएम से शिकायत करने उनके आफिस गया था। वहां से लौटते वक्त भू माफिया ने उसे रोकर गाली गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। लोगों ने बीच बचाव किया तो उसकी जान बची। विनय ने कर्नलगंज थाने में आरोपितों के खिलाफ नमाजद केस दर्ज कराया है।

ये है मामला
छोटा बघाड़ा के रहने वाले विनय कुमार ने मोहल्ले में ही अपनी पत्नी अनिता यादव और बुआ रेखा यादव के नाम से एक जमीन खरीदी। पिछले दिनों वह जमीन पर मकान बनवाने लगा। इस दौरान ढरहरिया के राजकुमार यादव, सुनील कुमार यादव ने मकान बनाने में आपत्ति की। जिस पर विनय ने एसडीएम सदर से शिकायत की। एसडीएम के निर्देश पर लेखपाल ने पैमाइश की। जमीन विनय की निकली। इस पर विनय ने मकान का काम शुरू करा दिया। जिस पर आरोपितों ने विनय के खिलाफ फर्जी शिकायत एसडीएम को दी। एसडीएम आफिस में विनय को बुलाया गया। विनय एसडीएम आफिस गया। वहां पर अपना बयान दर्ज कराकर वह लौट रहा था। तभी आरोपित राजकुमार यादव और सुनील यादव ने उसे रोक लिया। उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। लोगों ने बीचबचाव किया तो विनय की जान बची। हमलावरों ने उसकी सोने की चेन छीन ली। विनय ने राजकुमार यादव, सुनील यादव के खिलाफ कर्नलगंज थाने में केस दर्ज कराया है।

छोटा बघाड़ा के रहने वाले एक युवक ने मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
प्रदीप सिंह, इंस्पेक्टर कर्नलगंज