प्रयागराज (ब्‍यूरो)। शहर के दो बड़े पुल दिसंबर तक बनकर तैयार हो जाएंगे। जिससे एक बड़े हिस्से को जाम से छुटकारा मिल जाएगा। हजारों लोग अपना सफर आसानी से तय कर सकेंगे। बात हो रही है सूबेदारगंज आरओबी और अलोपीबाग फ्लाई ओवर की। इन दोनों पुल का काम कम समय में क्रमश: 50 और 30 फीसदी पूरा हो चुका है। और यह जल्द ही पूर्ण भी हो जाएंगे। बता दें कि इनके बन जाने से अलोपीबाग और सूबेदारगंज एरिया में जाम की समस्या लगभग समाप्त हो जाएगी।

अक्टूबर 2023 में शुरू हुआ काम
महाकुंभ 2025 परियोजना के तहत सूबेदारगंज रेलवे पुल का काम काफी तेजी से चल रहा है।
मात्र सात महीने में 52 फीसदी पुल का काम पूरा हो चुका है।
बता दें कि 25 अक्टूबर 2023 को आरओबी का निर्माण कार्य शुरू हुआ था।
अब तक इस पुल के फाउंडेशन का काम पूरा हो चुका है।
यह पुल फोर लेन है और इसमें 42 में से 38 पिलर बन चुके हैं।
साथ ही 185 बीम में से 102 बीम भी डाली जा चुकी है।
पुल की लंबाई 1600 मीटर है। 36 में से छह स्लैब भी पड़ चुकी है।
398 करोड़ की लागत से इस पुल को तैयार किया जा रहा है।

कम कर देगा दूरी
पुल की विशेषता है कि यह चौफटका से लेकर सूबेदारगंज के बीच की दूरी को कम कर देगा। कालिंदीपुरम में उतरने के बाद लोग आसानी से कौशांबी की ओर जा सकेंगे। इसके अलावा एयरपोर्ट तत्काल पहुंचा जा सकेगा। लोगों को चकिया, राजरूपपुर, बेनीगंज की भीड़ का सामना नही करना होगा। पुल का काम थोड़ा देरी से पूरा हो रहा है क्योंकि सेना की जमीन अधिग्रहण को लेकर काफी समय लग गया था। अधिकारियों का कहना है कि 15 दिसंबर तक पुल शुरू कर दिया जाएगा।

24 घंटे चल रहा है काम
इसी तरह से अलोपीबाग फ्लाईओवर का काम भी तेजी से चल रहा है। देखा जाए तो महज तीन माह में तीस फीसदी काम पूरा हो चुका है। इसका निर्माण कार्य चौबीस घंटे अलग अलग पालियों में कराया जा रहा है। जिसमें पुल के 23 में से 19 पिलर खड़े हो गए हैं और 63 में से सात बीम भी डाली जा चुकी है। 700 मीटर लंबा यह पुल महाकुंभ के नजरिए से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि अगले महीने से बीम के ऊपर की सड़क बननी शुरू हो जाएगी। 55 करोड़ की लागत से तैयार होने वाले पुल के अलावा 40 करोड़ रुपए सर्विस लेन बनाने में खर्च होंगे। पुल की कुल लागत लगभग 95 करोड़ रुपये पहुंच रही है। इस पुल के बनने से झूंसी और बैरहना के बीच आवागमन में काफभ् राहत मिलेगी।

दोनों पुलों के महत्व को देखते हुए इनका काम तेजी से पूरा कराया जा रहा है। उम्मीद है कि दोनों पुल 15 दिसंबर तक चालू कर दिए जाएंगे। जिससे महाकुंभ में लोगों को ट्रैफिक से काफी निजात मिलेगी।
मनोज अग्रवाल
मुख्य परियोजना प्रबंधक, सेतु निगम, प्रयागराज