प्रयागराज (ब्‍यूरो)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद प्रयाग महानगर के कार्यकर्ताओं द्वारा सोमवार को एबीवीपी के 76वें स्थापना दिवस पर ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज के मालवीय सभागार में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। बता दें कि देश-भर में एबीवीपी के स्थापना दिवस को राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के रूप में मनाया जाता है और यह अभाविप के राष्ट्रीय कार्यक्रमों में से एक है। मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय संगठन मंत्री आशीष चौहान शामिल हुए। अध्यक्ष के रूप में ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज के प्राचार्य आनंद शंकर सिंह की उपस्थिति रही।

राष्ट्र को सबसे ऊपर रखा
मुख्य वक्ता अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री आशीष चौहान ने कहा कि ज्ञान, शील, एकता ध्येय वाक्य के साथ कार्य करने वाले अभाविप कार्यकर्ताओं ने सदैव ही राष्ट्र प्रथम भावना के साथ कार्य किया है। आज अभाविप भारत के युवाओं की आवाज का प्रतिनिधित्व कर रही है। विद्यार्थी परिषद ने खुद को कभी दलगत राजनीति का हिस्सा नहीं बनाया। अभाविप शैक्षिक परिवेश को बेहतर बनाने तथा सामाज को एक सूत्र में पिरोने हेतु निरंतर कार्य करते रहेंगे।

राष्ट्र पुनर्निर्माण के लिए कर रहे काम
अध्यक्षता कर रहे ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ। आनंद शंकर सिंह ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की कार्यशैली भारतीय समाज की कार्यशैली है और अभाविप के कार्यकर्ता राष्ट्र पुनर्निर्माण हेतु कार्यरत हैं। मैंने शुरुवाती दिनों में कार्यकर्ता भाव विद्यार्थी परिषद के माध्यम से ही सीखा और जो सीखा वह आज भी स्मृति पटल पर बना हुआ है। छात्र शक्ति ही राष्ट्र शक्ति है, यह अभाविप कार्यकर्ताओं द्वारा कहा जाता था और आज हम इसे चरितार्थ होते देख रहे हैं। ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज इकाई की इकाई उपाध्यक्ष स्वाति पलक और इकाई मंत्री दिव्यांश उपाध्याय भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।