प्रयागराज (ब्‍यूरो)। Prayagraj Crime News: विवेक को अंजाम से डर नहीं लगा। वह जानता था कि इसकी सजा आजीवन कारावास है, फांसी है। मगर वह अपनी प्रेमिका से इतना डर गया कि उसने उसे हर हाल में मारने की ठान ली। इसके बाद उसे मार भी डाला। मगर भागा नहीं। वह सीधे थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया। सरेंडर करने के बाद विवेक ने जो कहानी बताई उसे सुनकर पुलिस वालों के दिमाग की बत्ती गुल हो गई, मगर कानून है सो विवेक को सोरांव पुलिस ने जेल भेज दिया। वहीं, प्रेमिका के पिता की तहरीर पर आरोपित विवेक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

संडे को मिली थी बॉडी
सोरांव के भदरी गांव की रहने वाली सुमन की शादी बलकरनपुर के रहने वाले रामआसरे के साथ हुई थी। शादी के बाद दो बच्चे हुए। करीब चौदह साल तक दोनों साथ रहे। मगर दो साल पहले अनबन होने पर सुमन ने पति का साथ छोड़ दिया। वह मायके में रह रही थी। सोरांव के बढ़इया गांव के विवेक कुमार की बहन की शादी भदरी गांव में हुई थी। विवेक अपनी बहन के घर आता जाता था। इस दौरान उसकी जान पहचान सुमन से हो गई। दोनों का मिलना जुलना शुरू हो गया।

होटल में मिलते थे दोनों
सोरांव के ही शिवगढ़ में एक गेस्ट हाउस में ओयो होटल है। इस होटल में विवेक और सुमन अक्सर आते थे। पुलिस के मुताबिक शुरू शुरू में सुमन ने अपने व्यवहार से विवेक का दिल जीत लिया। जिस पर विवेक खुले हाथ से सुमन पर पैसा खर्च करने लगा। मगर धीरे धीरे सुमन के व्यवहार में परिवर्तन आ गया। सुमन की डिमांड बढऩे लगे।

तंग आ गया डिमांड से
सुमन की डिमांड सुनकर विवेक के होश उडऩे लगे। पुलिस के मुताबिक विवेक एक इंजीनियरिंग कालेज की कैंटीन में प्राइवेट कुक का काम करता था। उसे पंद्रह हजार रुपये तनख्वाह मिलती थी। पांच दस हजार रुपये विवेक ऊपर से मेहनत करके कमा लेता था। एक समय ऐसा आया जब सुमन की डिमांड पूरी करने में विवेक ने हाथ खड़ा कर दिया।

5 लाख सुनकर खोया आपा
हमेशा की तरह विवेक और सुमन दोपहर में करीब एक बजे होटल पहुंचे। होटल के कमरे में पहुंचने के कुछ देर बाद सुमन और विवेक के बीच विवाद हो गया। पुलिस के मुताबिक सुमन ने विवेक से पांच लाख रुपये मांगे। इसी बात को लेकर झगड़ा बढ़ गया। सुमन का तेवर देख विवेक आपा खो बैठा। दोनों में हाथापाई हुई। इस पर सुमन ने विवेक को पुलिस बुलाने की धमकी दे दी। जिस पर विवेक ने सुमन का गला घोंट दिया। सुमन की सांसे थम गईं। इसके बाद विवेक चुपचाप होटल के कमरे से निकल गया। सुमन नहीं निकली तो होटल वाले ने पूछा। इस पर विवेक ने बताया कि वह कुछ देर में आ रहा है। होटल से निकलने के बाद विवेक सीधे सोरांव थाने पहुंचा। वहां मौजूद पुलिस कर्मियों को उसने बताया कि उसने होटल के कमरे में अपनी प्रेमिका सुमन की हत्या कर दी है। पुलिस विवेक को लेकर होटल पहुंची। इसके बाद होटल संचालक को घटना का पता चला। पुलिस ने आरोपित विवेक को जेल भेज दिया है।

होटल में प्रेमिका और प्रेमी के बीच पांच लाख रुपये को लेकर विवाद हुआ। प्रेमिका प्रेमी पर पांच लाख रुपये देने का दबाव बना रही थी। जिस पर प्रेमी ने उसका गला दबा दिया, उसकी मौत हो गई। आरोपित को जेल भेज दिया गया है।
ब्रजेश तिवारी इंस्पेक्टर सोरांव