प्रयागराज (ब्यूरो)। मेजा के सिंहपुर गांव में घर के अंदर मौत के घाट उतारी गई आराधना सिंह (23) करछना के मछहरपुरवा की रहने वाली है। पिछले वर्ष मई महीने में उसकी शादी सिंहपुर निवासी दीपक कुमार से हुई थी। पति दीपक प्राइवेट कंपनी में राजस्थान के जयपुर में रहकर नौकरी करता है। यहां घर पर आराधना सास आरती सिंह व देवर नितिन कुमार के साथ रहकर पढ़ाई कर रही थी। बताते हैं कि शनिवार की शाम कुछ रुपयों को लेकर सास से उसका विवाद हुआ था। इसी रात घर के अंदर बेरहमी से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी गई। उसके देवर के द्वारा रविवार भोर करीब चार बजे पुलिस को फोन करके घटना की खबर दी गई। बताया कि घर में लुटेरे धावा बोल दिए थे। भाभी यानी आराधना की हत्या और लूटपाट करके बदमाश भाग गए। इलाके में लूट टू मर्डर की खबर सुनते ही पुलिस अफसरों की नींद उड़ गई। मेजा थाने की फोर्स के साथ एसपी यमुनापार भागकर मौके पर पहुंचे। पूरी टीम के साथ अधिकारी मामले की जांच में जुट गए।

सुबूत मिटाने की हर कोशिश नाकाम
तफ्तीश में जो बातें सामने आईं उससे सिर्फ पुलिस अफसर ही नहीं ग्रामीण भी सन्नाटे में आ गए। पुलिस के मुताबिक उसके घर की फर्श को पानी से धुला गया था। यहीं से पुलिस के दिमाग में शक के बीज अंकुरित हुए। पुलिस को घर के अंदर लूटपाट की खबर दी गई थी। मगर आलमारी आदि टूटे हुए नहीं मिले। कुछ सामान जमीन पर बिखरे हुए थे। पुलिस द्वारा घटना की खबर मृतका के मायके वालों को दी गई। उसकी मां शीला सिंह परिजनों संग मौके पर पहुंची। उसके जरिए बेटी आराधना के देवर व उसकी सास पर दहेज हत्या का आरोप लगाया गया। दोनों को हिरासत में लेकर पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ की गई। पुलिस द्वारा बताया गया कि पूछताछ में देवर नितिन ने बताया कि मारी गई भाभी से उसके नाजायज संबंध थे। रात में इन्हीं सम्बंधों को लेकर उसका विवाद हुआ था। जिसके बाद वह उसकी हत्या कर दिया।

घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया
फिलहाल दहेज हत्या का मुकदमा दर्जकर पुलिस आरोपित मां बेटे को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त चाकू को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। साक्ष्य व सुबूत मिटाने के लिए वह उस चाकू को भी पानी से साफ कर दिया था। पुलिस मामले की गहन छानबीन में देर रात तक जुटी रही। महिला की बॉडी का वीडियो ग्राफी व डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम किया गया। सूत्र बताते हैं कि डॉक्टरों द्वारा विजाइना स्वाब प्रिजर्व किया गया है।

वर्जन
मारी गई महिला का आरोपित देवर काफी शातिर किस्म का है। पहले वह लुटेरों द्वारा घटना को अंजाम देने की बात करता रहा। पूछताछ और छानबीन की गई तो वह हत्या व महिला से नाजायज सम्बंधों की बात को कबूल किया। प्राप्त तहरीर पर दहेज हत्या का केस दर्ज कर मां व बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है।
सौरभ दीक्षित, एसपी यमुनापार

पार्टी के लिए बुलाकर दोस्त कर दिए हत्या
चाकू से गोदकर उतारे मौत के घाट पर गाड़ी में चाचा के दरवाजे छोड़कर सभी भागे
पत्नी की तहरीर पर सगे भाइयों समेत कई अज्ञात के पर मुकदमा, पुलिस की हिरासत में तीन लोग
: पार्टी के बहाने बुलाकर दोस्तों ने ही राजनाथ यादव (33) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। वह फूलपुर एरिया के बरेस्ता खुर्द गांव का निवासी था। शातिर कातिल हत्या के बाद स्कार्पियो गाड़ी से बॉडी को लेकर उसके चाचा के घर पहुंच गए। वहां गाड़ी छोड़कर युवक भाग निकले। गाड़ी में उसकी बॉडी पर चोट देखकर परिजनों को शक हुआ और खबर पुलिस को दी गई। मारे गए युवक की पत्नी ऊषा के द्वारा पति के दोस्त राजेश और उसके भाई आलोक को नामजद व कई अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया गया। पुलिस द्वारा मामले में आरोपित सहित तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ में देर रात तक जुटी रही।

शनिवार को लौटा था मुंबई से
छानबीन में पुलिस को मालूम चला कि
मारा गया राजनाथ यादव मुंबई में गाड़ी चलाया करता था। शनिवार को ही वह मुंबई से घर वापस आया था। उसके साथ सरायममरेज के नासिरपट्टी गांव निवासी राजेश यादव भी मुंबई से लौटा था। राजेश भी मुंबई में गाड़ी चलाया करता था। इस नाते दोनों के बीच वहीं से दोस्ती हो गई थी। शनिवार की शाम वह राजनाथ को फोन कर पार्टी में शामिल होने के लिए बुलाया था। वह अपने भांजे के साथ बाइक से निकला। पता चला कि मियां का पूरा बाजार के पास राजेश के भाई आलोक यादव के पास उसे छोड़कर भांजा चला आया। परिजनों ने पुलिस को बाताया कि देर रात आलोक स्कार्पियो कार से राजनाथ के चाचा के घर पहुंचा। कार खड़ी कर भाग निकला। कुछ देर बाद घरवालों ने कार का दरवाजा खोला तो उसमें खून से लथपथ राजनाथ की रक्तरंजित बॉडी पड़ी थी। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। जांच में पता चला कि चाकू से गले और शरीर पर वार करके उसकी हत्या कर दी गई। कत्ल की वजह देर रात तक स्पष्ट नहीं हो सकी। पुलिस द्वारा उसकी बॉडी को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है।


तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। हत्या क्यों की गई यह बात अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। कारण का पता लगाया जा रहा है।
अमित कुमार राय, फूलपुर थाना प्रभारी